Nikesh Arora: भारतीय मूल के टेक सीईओ निकेश अरोड़ा के नाम एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। गूगल से लेकर सॉफ्टबैंक तक कीर्तिमानों की झड़ी लगाने वाले अरोड़ा अब दुनिया के सबसे नए और 2024 के सबसे पहले अरबपति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक निकेश अरोड़ा साल 2024 के पहले अरबपति बने हैं। साल के पहले बिलेनियर के साथ-साथ वो उन चुनिंदा टॉप टेक बिलेनियर्स में से एक हैं, जो नॉन-फाउंडर हैं। निकेश अरोड़ा मौजूदा समय में साइबर सुरक्षा कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ हैं। इस कंपनी का मार्केट कैप 91 अरब डॉलर से अधिक है। वैसे तो निकेश लंबे समय से अमेरिकी कंपनियों से जुड़े हुए हैं, लेकिन उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं।
