उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक महिला ने दावा किया कि उसे ऑनलाइन ऑर्डर की गई अमूल वेनिला आइसक्रीम में एक कनखजूरा (Centipede) मिला है। नोएडा सेक्टर-12 की रहने वाली दीपा नामक महिला ने शनिवार को ब्लिंकिट के जरिए अमूल वेनिला आइसक्रीम का ऑर्डर दिया था। जब उसे आइसक्रीम का डिब्बा मिला और उसने उसे खोला, तो वह अंदर एक मरा हुआ कनखजूरा देखकर चौंक गई। बीते कुछ दिनों में ही यह इस तरह की दूसरी घटना है। बता दें कि हाल ही में मुंबई के एक डॉक्टर को ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम में मानव उंगली मिली थी।
Blinkit ने वापस किए पैसे और शुरू की जांच
इसके बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कई पैरों वाले कनखजूरे को देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद ब्लिंकिट ने दीपा के पैसे वापस कर दिए और जांच शुरू कर दी। अमूल ने भी महिला से संपर्क कर उसे आश्वासन दिया कि वे मामले की जांच करेंगे।
फूड डिपार्टमेंट की एक टीम ने भी दीपा के वीडियो पर ध्यान दिया और जांच के तहत पूछताछ के लिए उसके घर गई। पूछताछ के बाद फूड डिपार्टमेंट के अधिकारी सेक्टर-22 में ब्लिंकिट स्टोर पर गए, जहां से कनखजूरे वाला आइसक्रीम टब भेजा गया था।
अधिकारियों ने उस जगह का निरीक्षण किया जहां अमूल आइसक्रीम वेनिला टब रखे गए थे और उनके नमूने जांच के लिए भेजे। कहा जा रहा है कि ब्लिंकिट स्टोर में बहुत अधिक धूल पाई गई, जिससे स्वच्छता संबंधी चिंताएं भी नजर आई।
मुंबई के डॉक्टर को मिली आइसक्रीम में इंसान की उंगली
इससे पहले बुधवार को मुंबई के मलाड के ओरलेम निवासी डॉ ब्रेंडन फेराओ को Yummo आइसक्रीम से बटरस्कॉच आइसक्रीम कोन खाते समय एक इंसान की उंगली मिली, जिस पर एक कील लगी हुई थी। जब उन्होंने आइसक्रीम खाई तो उन्हें अपने मुंह में कुछ अजीब सा मेहसूस हुआ। डॉक्टर की शिकायत के आधार पर यम्मो आइसक्रीम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और आइसक्रीम के नमूने को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए Yummo आइसक्रीम ने कहा कि उसने प्रोडक्ट के लिए जिम्मेदार थर्ड पार्टी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में उत्पादन रोक दिया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने प्रभावित प्रोडक्ट को फैसिलिटी और अपने गोदामों में अलग कर दिया है और बाजार स्तर पर भी ऐसा ही करने का प्रयास कर रही है।