इंडोनेशिया के पुनकक इलाके में एक अनोखी शादी का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसमें इंडोनिशया की युवतियां पैसे के एवज में पुरुष पर्यटकों से अस्थायी शादी रचा रही हैं। इसे 'प्लेजर मैरिज'कहा जा रहा है। इस शादी की काफी आलोचना इंडोनेशिया और विदेश में हो रही है। आलोचकों का कहना है कि यह शादी महिलाओं का एक तरह से शोषण जैसा है। इस शादी के कानूनी हैसियत को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। साऊथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने यह खबर दी है।
एक खास इलाके में हो रही ऐसी शादियां
पुनकक (Puncak) इंडोनेशिया के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। यह पर्यटन का बड़ा केंद्र है। खासकर मिडिलईस्ट से यहां बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। इस जगह की प्राकृतिक खूबसूरती देखते ही बनती है। बताया जाता है कि यहां कोटा बंगा स्थित माउंटेन रिजॉर्ट में लोकल महिलाओं से कराई जाती है। कई एजेंसियां यह काम करती हैं। अस्थायी शादी के लिए दोनों पक्षों के रजामंद होने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है। पुरुष पर्यटक महिला को एक कीमत ऑफर करता है, जिसे ब्राइड प्राइस कहा जाता है। इसके बाद शादी की रस्म अदा की जाती है।
गरीब महिलाओं का हो रहा शोषण
यह शादी तब तक टिकती है जब तक पर्यटक इंडोनेशिया में रहता है। उसके इंडोनेशिया से लौटते ही यह शादी खत्म हो जाती है। अस्थायी शादी के दौरान महिला घरेलू काम करने के साथ ही पुरुष की सेक्स से संबंधित जरूरतें भी पूरी करती है। लॉस एंजिल्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलाके में पर्यटकों को आकर्षित करने का यह एक बड़ा जरिया बन गया है। पहले विदशी पर्यटकों से लड़की की मुलाकात उसके परिवार के सदस्य कराते थे। लेकिन, पिछले कुछ समय से यह काम एजेंसियां करने लगी हैं। खास बात यह है कि ऐसी शादियों में ज्यादातर आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं हिस्सा लेती हैं। इससे उनकी आर्थिक जरूरतें पूरी होती है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान के अलवर में आसमान छू रही Plots की कीमतें! 36 मीटर का प्लॉट 2,232 करोड़ में बिका
एक लड़की की कई बार होती है शादी
ऐसी एक शादी रचाने वाली लड़की ने बताया कि वह 17 साल की उम्र में दुल्हन बन गई थी। उसने बताया कि अब तक वह 15 बार से ज्यादा शादी रचा चुकी है। ये सभी शादियां मिडिलईस्ट से आने वाले पर्यटकों के साथ हुई है। उसका पहला पति सऊदी अरब का था, जिसकी उम्र 50 साल से ज्यादा थी। उसने उसे 850 डॉलर बतौर ब्राइड प्राइस के रूप में दिया था। लेकिन, इसमें से करीब आधा पैसा ही उस लड़की को मिला था। बाकी पैसे एजेंट्स और दूसरे लोगों के पास गए थे।