Rajesh Jain : भारत की इंटरनेट इंडस्ट्री का आगाज करने वाले चुनिंदा लोगों में से एक 54 वर्षीय राजेश जैन अगले साल अपने दूसरे स्टार्टअप नेटकोर क्लाउड प्रा. (Netcore Cloud) का IPO लाने की तैयारी कर रहे हैं। कंपनी ने इसी महीने 10 करोड़ डॉलर का एक अधिग्रहण किया है।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जैन ने एक जूम कॉल पर अधिग्रहण और IPO पर चर्चा करते हुए कहा, “हमारी आधा दर्जन बैंकर्स के साथ शुरुआती बातचीत हुई थी और अगले दो महीनों में औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।”
कस्टमर कम्युनिकेशन में कंपनी को विशेषज्ञता है हासिल
मुंबई में हेडक्वार्टर वाली कंपनी नेटकोर एक सॉफ्टवेयर-एस-ए-सर्विस या SaaS स्टार्टअप है जिसे बिजनेसेस को कस्टमर कम्युनिकेशन और इंगेजमेंट सॉल्यूशंस की पेशकश में विशेषज्ञता हासिल है। उसने सैन मैटियो, कैलिफोर्निया की ई-कॉमर्स सर्च पर्सनलाइजेशन कंपनी Unbxd Inc की लगभग 90 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है।
इस अधिग्रहण से नेटकोर को पिज्जा हट इंक, द बॉडी शॉप इंक और टॉमी हिलफिगर कॉर्प जैसे उसके ग्लोबल कस्टमर्स को सेवाएं देने के लिए उसकी ऑफरिंग्स को मजबूती मिलेगी। जैन ने कहा, इस डील से 18 महीने के भीतर कंपनी सब्सक्रिप्शन रेवेन्यु बढ़कर 15 करोड़ डॉलर हो जाएगा, जो फिलहाल लगभग 10 करोड़ डॉलर है।
जैन के पास है नेटकोर की दो-तिहाई हिस्सेदारी
नेटकोर में लगभग दो-तिहाई हिस्सेदारी रखने वाले जैन ने कहा, कंपनी IPO के लिए तैयार है, क्योंकि उसकी एक बड़ी ग्लोबल SaaS कंपनी भारत के बाहर है, खासी प्रॉफिटेबिल है और भारत और दक्षिण पूर्व एशिया जैसे इमर्जिंग मार्केट्स में उसकी अच्छी पैठ है। कंपनी की बाकी हिस्सेदारी कर्मचारियों के पास है।
आईआईटी, बंबई से ग्रेजुएट हैं जैन
जैन आईआईटी, बंबई से ग्रेजुएट हैं और उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से मास्टर्स किया था। उद्यमी बनने के लिए भारत लौटने से पहले उन्होंने दो साल अमेरिका में काम किया। उन्होंने अपना पहला स्टार्टअप इंडियावर्ल्ड कम्युनिकेशंस को 1995 में बेचा था, जो उस समय डॉटकॉम इरा की सबसे बड़ी इंटरनेट डील्स में से एक थी।
इंडियावर्ल्ड ने उस समय के भारत के सीमित इंटरनेट यूजर बेस को न्यूज, क्रिकेट स्कोर, बॉलीवुड गॉशिप और सर्च सर्विसेज की पेशकश की थी। डॉटकॉम का बुलबुला फूटने से ठीक पहले यह 11.5 करोड़ डॉलर में बिक गई थी, जो अब नैस्डैक में लिस्टेड कम्युनिकेशंस कंपनी सिफी टेक्नोलॉजिस है।
नहीं लिया कोई वेंचर कैपिटल फंड
नेटकोर ने इंडियावर्ल्ड की तरह, कोई वेंचर कैपिटल फंड नहीं लिया है। कंपनी ने अधिग्रहण का ऐलान करते हुए कहा था, SaaS स्टार्टअप के दुनिया में 5,000 से ज्यादा क्लाइंट्स हैं और वह अपने सॉफ्टवेयर के जरिये हर महीने 15 अरब मार्केटिंग ईमेल और टेक्स्ट भेजती है।
कंपनी ने कहा कि Unbxd उसका चौथा अधिग्रहण है और सभी डील्स के लिए आंतरिक स्रोतों से फंड का इस्तेमाल किया गया है।