भले ही दुनियाभर की कंपनियों में मंदी की आशंका के बीच छंटनी की जा रही हो लेकिन इस बीच भारतीय कर्मचारियों के लिए एक राहत की खबर है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय कर्मचारियों की सैलरी में साल 2023 में औसतन लगभग 10.3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि यह पिछले साल के 10.6 फीसदी सैलरी हाइक के मुकाबले थोड़ी कम है। यह सर्वे रिपोर्ट Aon India ने आज 23 फरवरी को जारी की है।
सर्वे में आए दिलचस्प नतीजे
सर्वे में शामिल 1,400 कंपनियों में से 46 फीसदी इस साल अपने कर्मचारियों की सैलरी में डबल डिजिट में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि टेक सेक्टर में मंदी के डर के बीच हो रही छंटनी के बावजूद इस सर्वे का कहना है कि ई-कॉमर्स, टेक कंसल्टिंग और सर्विस सेक्टर के कर्मचारियों की सैलरी में सबसे ज्यादा हाइक देखने को मिल सकती है।
नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ी
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि रिपोर्ट के अनुसार इस समय टेक सेक्टर में नौकरी छोड़ने की दर (Attrition Rates) सबसे ज्यादा है। साल 2022 में टेक सेक्टर में नौकरी छोड़ने की दर 21.4 फीसदी है।
इसमें कहा गया है कि नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की संख्या दो दशक के उच्च स्तर पर बनी हुई है। इतना ही नहीं, हाल ही में बड़े पैमाने पर छंटनी के चलते कंपनी द्वारा नौकरी से निकाले जाने वाले कर्मचारियों की संख्या (Involuntary Attrition) में भी इजाफा हुआ है।
इन सेक्टर्स में होगी कम सैलरी हाइक
इस सर्वे के मुताबिक साल 2023 में वेतन में सबसे कम वृद्धि उन उद्योगों में देखी जाएगी जो अभी भी कोविड-19 के बाद के प्रभावों से जूझ रहे हैं। इसमें हॉस्पिटैलिटी, रेस्टोरेंट्स, सीमेंट इंडस्ट्री और व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।