हवाई यात्रा करना कई लोगों का सपना होता है। कुछ लोग खिड़की वाली सीट के लिए तरसते हैं तो कुछ एयर होस्टेस की हॉस्पिटैलिटी को एक बार अपनी आंखों से देखना चाहते हैं। इस बीच एक ऐसे आदमी के बारे में पचा चला है जिसने पूरा हवाई सफर टॉयलेट में किया। इस घटना के सामने आने के बाद मन में दो से तीन अहम सवाल आते हैं। पहला क्या उनका पेट खराब था, दूसरा क्या वो डर के मारे टॉयलेट में छिप गए थे और तीसरा क्या उन्हें टॉयलेट में ट्रैवल करना ज्यादा कंफर्टेबल लग रहा था? दरअसल आदमी गया तो वॉशरूम में हल्का होने के लिए था लेकिन वहीं अटक के रह गया। डॉर लॉक ना खुल पाने की वजह से वो अंदर ही फंसे रहे और इसके बाद पूरी यात्रा का मजा उन्हें टॉयलेट सीट पर बैठकर उठाना पड़ा।
फ्लाइट डिले होने के बाद हादसे का हुए शिकार
16 जनवरी का दिन स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-268 मुंबई से रात 10.55 बजे उड़ान भरने वाली थी लेकिन किन्हीं कारणों से डिले हो गई। देर रात 2 बजे फ्लाइट ने उड़ान भरी। बेंगलुरु के केंपेगोवड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ग्राउंड स्टाफ ने अपने बयान में बताया कि उन्होंने ये बात नोटिस की थी कि 14D सीट का पैसेंजर वॉशरूम में गया है। बुरी खबर ये थी कि टॉयलेट के दरवाजे में आई तकनीकी खराबी की वजह से वो वहीं फंसे रह गए।
पैसेंजर को पहुंचा गहरा सदमा
पैसेंजर काफी ज्यादा घबरा गया था। ऐसे में उन्होंने क्रू से भी संपर्क किया। टीम ने इसके बाद दरवाजा खोलने की पूरी कोशिश की। बाहर से दरवाजा खुल नहीं पा रहा था। एयर होस्टेस ने एक पेपर पर कुछ लिखा और दरवाजे के नीचे से पैसेंजर के पास सरका दिया। पेपर पर लिखा था कि असुविधा के लिए खेद है सर लेकिन हम दरवाजा नहीं खोल पा रहे हैं। कृपया पैनिक ना करें। हम कुछ ही मिनटों में लैंड करने वाले हैं। कृपया कमोड का ढक्कन बंद कर दीजिए और उस पर बैठ जाइए।
फ्लाइट 3.42 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इंजीनियर्स ने आकर दरवाजा तोड़ा और फिर आदमी को रेस्क्यू किया। लगभग दो घंटों तक आदमी वहीं अटका हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक पैसेंजर घबराहट के मारे गहरे सदमे में था। स्पाइसजेट ने अपने यात्री को हुई असुविधा के लिए उनके पैसे रिफंड कर दिए हैं।
पैसेंजर का पूरा पैसा किया गया रिफंड
एयरलाइन के स्पोकपर्सन का भी इस मामले पर बयान सामने आया है-'स्पाइसजेट की मुंबई से बेंगलुरु रवाना हुई फ्लाइट में एक पैसेंजर के साथ काफी दुखद घटना घटी। यात्री डॉर लॉक में आई खराबी की वजह से घंटों टॉयलेट में फंसा रहा। पूरी जर्नी के दौरान यात्री को क्रू ने असिस्टेंस दी और बेंगलुरु लैंड करते ही इंजीनियर ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। यात्री को मेडिकल सपोर्ट भी दिया गया। इसके अलावा यात्री को पूरा रिफंड मिलेगा।'