Success Story: कुछ लोगों की जिंदगी में चाहे जितनी भी चुनौतियां आएं। वो उन्हें पार करके अपना एक खास मुकाम हासिल कर लेते हैं। ऐसे ही महाराष्ट्र के रहने वाले IAS अफसर अंसार शेख हैं। उनके पिता ऑटो रिक्शा चलाते थे। बेहद गरीबी में पले-बढ़े अंसार शेख ने सबसे कम उम्र में IAS ऑफिसर बनने का रिकॉर्ड बनाया है। सिर्फ 21 साल की उम्र में उन्होंने UPSC की परीक्षा पास कर ली थी। देश में सबसे कम उम्र में आईएएस (Youngest IAS) बनने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है। कभी गरीबी के चलते उनकी पढ़ाई तक छूटने वाली थी। जिंदगी की तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए वह आगे बढ़ते गए। अंसार शेख ने वह मुकाम हासिल किया जो लाखों-करोड़ों का सपना होता है।
बता दें कि UPSC एग्जाम को देश की सबसे मुश्किल परीक्षा माना जाता है। इसे निकालना लोगों का सपना होता है। कई अटेम्प्ट के बाद भी लोग इस परीक्षा को पास नहीं कर पाते हैं। देशभर में इन परीक्षाओं में सफल होने के लिए कोचिंग चलती हैं। यह परीक्षा पास करते ही प्रशासनिक सेवाओं में एंट्री का रास्ता खुल जाता है। जितनी परीक्षा कठिन है क्रेज भी उतना ही ज्यादा है।
घर में नहीं था पढ़ाई-लिखाई का माहौल
अंसार शेख बचपन से पढ़ने-लिखने में बहुत होशियार थे। वह महाराष्ट्र के जालना गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अनस शेख महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में ऑटोरिक्शा चलाते थे। अंसार के पिता की तीन शादियां हुई थीं। वह दूसरी पत्नी से हैं। बचपन में ही अंसार का सामना गरीबी से होने लगा था। घर में पढ़ाई-लिखाई का बिल्कुल माहौल नहीं था। दो बहनों की शादी कम उम्र में हो गई थी। छोटा भाई स्कूल की पढ़ाई छोड़कर काम में लग गया था। रिश्तेदारों ने अंसार की पढ़ाई छुड़वाने की भी सलाह दी थी। पिता नाम कटवाने के लिए स्कूल तक पहुंच गए थे। लेकिन, शिक्षकों ने कहा कि वह बहुत होशियार है। वह भविष्य में बहुत अच्छा कर सकता है।
अंसार शेख ने राजनीति विज्ञान से किया ग्रेजुएशन
IAS अंसार शेख ने पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है। इसमें उन्होंने 73 फीसदी अंक हासिल किए थे। उन्होंने UPSC की परीक्षा की तैयारी करते हुए लगातार तीन सालों तक हर दिन करीब 12 घंटे काम भी किया। लेकिन अपनी तैयारी पर कोई आंच नहीं आने दी। उन्होंने एक साल के लिए कोचिंग भी जॉइन की थी। उनकी आर्थिक हालत को देखते हुए कोचिंग अकादमी ने उनकी फीस का एक हिस्सा माफ कर दिया था।
उन्होंने साल 2015 में UPSC परीक्षा के अपने पहले ही प्रयास में 361वीं रैंक हासिल की थी। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 21 साल थी। वो देश के सबसे कम उम्र के IAS अफसर हैं। अभी तक भी उनका यह रिकॉर्ड कोई तोड़ नहीं पाया है।