Ratan Tata Successor: दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन के बाद टाटा ट्रस्ट्स की कमान नोएल टाटा को सौंपी गई है। सीएनबीसी-टीवी18 ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है। टाटा ट्रस्ट्स टाटा ग्रुप की वह इकाई है जो लोगों की भलाई के लिए काम करती है। नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। रतन टाटा ने कभी शादी नहीं, उनके कोई बच्चे नहीं थे और और उन्होंने टाटा ट्रस्ट्स के लिए कोई उत्तराधिकारी नामित नहीं किया था। ऐसे में 9 अक्टूबर को रतन टाटा की मौत के बाद आज 11 अक्टूबर को मुंबई में हुई बैठक में टाटा ट्रस्ट्स की कमान नोएल टाटा को सौंपने पर सर्वसम्मति बनी।
टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नियुक्त होने के बाद नोएल टाटा ने कहा, 'मेरे साथी ट्रस्टियों ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं रतन एन टाटा और टाटा समूह के फाउंडर्स की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं। 100 वर्ष से भी अधिक समय पहले स्थापित हुई टाटा ट्रस्ट सामाजिक भलाई के लिए एक अनूठा माध्यम है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर, हम अपनी विकासात्मक और परोपकारी पहलों को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए खुद को फिर से समर्पित करते हैं।'
कितना प्रभावी पद है Tata Trusts के चेयरमैन का
टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन कितना प्रभावी है, यह पहली बार 2016 में तब स्पष्ट हुआ जब रतन टाटा ने टाटा संस के अध्यक्ष के रूप में साइरस मिस्री को बर्खास्त करने की मुहिम का नेतृत्व किया। इसके चलते ऐसी लड़ाई शुरू हो गई जो देश की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट लड़ाइयों में शुमार है। नोएल टाटा की टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन पर नियुक्ति को लेकर कॉरपोरेट वकील HP Ranina का कहना है कि यह पूरे ऑर्गेनाइजेशन के लिए बेहतर फैसला है। टाटा सन्स के पूर्व बोर्ड मेंबर आर गोपालकृष्णन ने नोएल को इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बताया। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमताओं से वह टाटा ट्रस्ट्स को और ऊंचाईयों तक ले जाएंगे।
नोएल टाटा वर्ष 2014 से टाटा ग्रुप की ट्रेंट के चेयरमैन हैं। इससे पहले वर्ष 2010 से 2021 तक उनके हाथों में टाटा इंटरनेशनल की कमान थी और उनकी अगुवाई में कमोडिटी ट्रेडिंग कंपनी का रेवेन्यू 50 करोड़ डॉलर से उछलकर 300 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। इसके अलावा वह ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों जैसे कि टाटा स्टील और वोल्टास के बोर्ड में भी हैं। टाटा ट्रस्ट्स की वेबसाइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक उनके बच्चे माया (Maya), नेविल्ले (Neville) और लीह (Leah) भी परिवार से जुड़े कुछ चैरिटीज के ट्रस्टीज में शामिल हैं।