Credit Cards

Deals during Ratan Tata Era: रतन टाटा का सुनहरा दौर, इन सौदों ने दुनिया भर में लहरा दिया टाटा ग्रुप का परचम

Deals during Ratan Tata Era: उद्योगपति और टाटा संस के चेयरमैन एमेरिटस रतन टाटा बीपी में एकाएक गिरावट के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में सोमवार से ही भर्ती थे।उन्हें आईसीयू में रखा गया था और वह काफी गंभीर स्थिति में थे। बुधवार की देर रात 86 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उनके निधन पर टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि रतन टाटा ने सिर्फ टाटा ग्रुप को बल्कि देश को भी एक दिशा दी है। जानिए रतन टाटा के दौर में टाटा ग्रुप की डील्स के बारे में

अपडेटेड Oct 10, 2024 पर 9:47 AM
Story continues below Advertisement
Deals during Ratan Tata Era: रतन टाटा की अगुवाई में टाटा ग्रुप ने कई बड़े देशी-विदेशी सौदे किए जिसने इसे देश के सबसे बड़े ग्रुप में शुमार कर दिया।

Deals during Ratan Tata Era: दिग्गज कारोबारी रतन टाटा का 9 अक्टूबर की रात 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही टाटा ग्रुप में एक युग का अवसान हो गया। करीब 33 साल पहले वर्ष 1991 में वह जेआरडी टाटा की जगह चेयरमैन बने थे। उनके हाथ में आने के बाद से कंपनी ने कई ऊंचाईयों को छुआ। रतन टाटा की अगुवाई में टाटा ग्रुप ने कई बड़े देशी-विदेशी सौदे किए जिसने इसे देश के सबसे बड़े ग्रुप में शुमार कर दिया। यहां ऐसी ही कुछ डील्स के बारे में बताया जा रहा है जो रतन टाटा की अगुवाई में हुई हैं।

Ratan Tata Era की डील्स

Tetley Tea की खरीदारी (2000)

टाटा टी (अब टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स) ने वर्ष 2000 में 45 करोड़ डॉलर में ब्रिटिश चाय कंपनी टेटली को खरीद लिया। इस खरीदारी के बाद टाटा दुनिया की सबसे बड़ी चाय कंपनियों में शुमार हो गई। यह किसी भारतीय कंपनी की पहली विदेशी खरीदारी थी और इसने रतन टाटा की वैश्विक विस्तार रणनीति की शुरुआत दिखा दी।


Daewoo Commercial Vehicles की खरीदारी (2004)

टाटा मोटर्स ने दक्षिण कोरिया के देवू की कॉमर्शियल्स वीईकल्स यूनिट को 10.2 करोड़ डॉलर में खरीद लिया। इसने वैश्विक कॉमर्शियल वीइकल मार्केट में टाटा की स्थिति को मजबूत किया। इस खरीदारी के जरिए टाटा की पहुंच ट्रक बनाने की एडवांस तकनीक तक हो गई और इसे नए बाजारों में फैलने में मदद की।

NatSteel की खरीदारी (2004)

टाटा ग्रुप की स्टील कंपनी टाटा स्टील ने सिंगापुर की स्टील कंपनी नैटस्टील को 48.6 करोड़ डॉलर में खरीद लिया। इसके जरिए कंपनी की दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थिति मजबूत हुई। यह रतन टाटा की दुनिया भर में, खासतौर से उभरते बाजारों में विस्तार की रणनीति का हिस्सा था।

The Ritz-Carlton Boston Hotel की खरीदारी (2006)

टाटा की होटल कंपनी ताज होटल ने वर्ष 2006 में अमेरिका की द रिट्ज-कार्लटन बोस्टन को करीब 17 करोड़ डॉलर में खरीद लिया। इससे ताज लग्जरी ब्रांड का वैश्विक विस्तार हुआ। इसके जरिए कंपनी ने वैश्विक हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में अपनी स्थिति मजबूत की।

Brunner Mond की खरीदारी (2006)

टाटा ग्रुप की केमिकल कंपनी टाटा केमिकल्स ने 9 करोड़ पौंड में यूके की सोडा ऐश बनाने वाली ब्रनर मोंड को खरीद लिया। इस खरीदारी के दम पर टाटा केमिकल्स सोडा ऐश बनाने के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार हो गई।

Corus Steel की खरीदारी (2007)

यूके की स्टील कंपनी कोरस को टाटा स्टील ने वर्ष 2007 में 1290 करोड़ डॉलर में खरीद लिया। यह उस समय किसी भारतीय कंपनी के लिए सबसे बड़ी डील में शुमार हुई। इस सौदे के बाद टाटा स्टील दुनिया की टॉप-10 स्टील कंपनियों में शुमार हो गई।

Jaguar Land Rover (JLR) की खरीदारी (2008)

टाटा मोटर्स के लिए फोर्ड से जगुआर लैंड रोवर का अधिग्रहण एक महत्वपूर्ण क्षण था। इस सौदे की कीमत 230 करोड़ डॉलर थी। शुरुआत में काफी आशंकाएं थीं लेकिन यह सौदा बहुत सफल साबित हुआ और इसने टाटा मोटर्स को ऑटो सेक्टर में वैश्विक प्लेयर बना दिया और इसने ब्रिटिश लग्जरी ब्रांडों को फिर से नया जीवन दिया।

Starbucks के साथ ज्वाइंट वेंचर (2012)

टाटा ग्लोबल बेवरेजेज (अब टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स) ने अमेरिका की स्टारबक्स के साथ भारत में स्टारबक्स आउटलेट्स लॉन्च करने के लिए एक ज्वाइंट वेंचर पर साइन किए। इस साझेदारी के जरिए टाटा ग्रुप की देश में तेजी से बढ़ रहे कॉफी रिटेल मार्केट में एंट्री हुई।

BigBasket की खरीदारी (2021)

रतन टाटा ने वर्ष 2012 में रिटायरमेंट ले लिया था लेकिन वह टाटा समूह के चेयरमैन एमेरिटस बने रहे। टाटा समूह ने मई 2021 में बिग बास्केट का अधिग्रहण किया। उस समय नटराजन चंद्रशेखरन टाटा संस के अध्यक्ष थे। टाटा डिजिटल ने बिग बास्केट में मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीदी, जिससे टाटा की ई-कॉमर्स सेक्टर में एंट्री हुई।

1MG की खरीदारी (2021)

टाटा डिजिटल ने 1MG में मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीद ली।

Air India पर फिर से मालिकाना हक (2022)

एयर इंडिया को जेआरडी टाटा ने शुरू किया था लेकिन वर्ष 1953 में इसका राष्ट्रीयकरण दिया गया था। वर्षों बाद एक बार फिर टाटा की कंपनी बन गई। वर्ष 2022 में टाटा सन्स ने 18000 करोड़ में इसे खरीद लिया। उस समय टाटा ग्रुप के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन और चेयरमैन एमेरिटस रतन टाटा थे।

BSNL 4G Deal (2023)

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) टाटा ग्रुप की है। टीसीएस ने पिछले साल 2023 में BSNL के देश भर में फैले नेटवर्क को अपग्रेड के लिए 26,821 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। यह सौदा बीएसएनएल को नए जमाने का बनाने की कोशिशों का हिस्सा है।

एक ऐसी डील, जो नहीं हो पाई पूरी

रतन टाटा ने कई सौदौं के जरिए टाटा ग्रुप को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाया। हालांकि एक डील ऐसी रही, जिस पर बात बन नहीं पाई। टाटा स्टील और थायसनक्रूप (ThyssenKrupp) ने वर्ष 2018 में अपने-अपने यूरोपियन स्टील को एक में करने के लिए ज्वाइंट वेंचर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। यह डील हो जाती तो इससे यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी स्टील कंपनी तैयार होती लेकिन नियामकीय दिक्कतों के चलते प्रस्ताव वर्ष 2019 में रद्द हो गया।

Ratan Tata Death: नहीं रहे दिग्गज बिजनेसमैन रतन टाटा, 86 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, PM ने दी श्रद्धांजलि

Jamshedji to Ratan Tata: टाटा समूह की कब किसने संभाली कमान? पूरी वंशावली पर एक नजर

Ratan Tata First Job Story: रतन टाटा को कैसे मिली थी पहली नौकरी? इलेक्ट्रिक टाइपराइटर पर तैयार किया था Resume

Ratan Tata: भारत-चीन युद्ध की वजह से नहीं हो पाई थी रतन टाटा की शादी!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।