एप्पल (Apple) के आईकॉनिक iPhone को लेकर दीवानगी आपने कई लोगों में देखी होगी। लेकिन, इसके लिए केरल के एक बिजनेसमैन जैसी दीवानगी बहुत कम लोगों में होती है। केरल का यह बिजनेसमैन हाल में लॉन्च iPhone 14 प्रो को खरीदने के लिए दुबई पहुंच गया, जबकि सिर्फ एक दिन बाद यह फोन इंडिया में लॉन्च होने वाला था। इस बिजनेसमैन का नाम धीरज पालीयील है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने यह खबर दी है।
धीरज ने दुबई के मशहूर शॉपिंग डेस्टिनेशन Mirdif City Centre से यह फोन खरीदा। वह इस फोन को खरीदने के लिए लाइन में लगे सैकड़ों लोगों में सबसे आगे थे। iPhone 14 Pro की शुरुआती कीमत 1,29,900 रुपये है। धीरज ने दुबई के एयर टिकट और वीजा फीस पर 40,000 रुपये खर्च कर दिए।
खास बात यह है कि धीरज अपने पसंदीदा फोन को खरीदने के लिए पहली बार विदेश नहीं गए। सबसे पहले वह 2017 में आईफोन खरीदने के लिए दुबई गए थे। तब उन्होंने iPhone 8 खरीदा था। इसके बाद वह 2019 में दुबई गए थे। तब उन्होंने वहां आईफोन 11 प्रो मैक्स खरीदा था।
उन्होंने कहा, "मैं 2029 में इंडिया में लॉन्चिंग से हफ्तों पहले iPhone 11 Pro Max खरीदने के लिए दुबई गया था। मैंने तब भी Mirdif City Centre से ही इसे खरीदा था। मैं आईफोन 12 और आईफोन 13 की दुबई में बिक्री शुरू होने पर इन्हें खरीदने वाला पहला व्यक्ति था।"
धीरज एक डिजिटल कंसल्टेंसी फर्म के डायरेक्टर हैं, जिसका नाम Dare Pictures है। Apple ने 7 सितंबर को खास इवेंट में iPhone 14 सीरीज के फोन लॉन्च किए थे। इंडिया में आईफोन 14 के 128जीबी वाले बेस वैरिएंट की कीमत 79,900 रुपये है। इसके 256 जीबी वैरिएंट की कीमत 89,900 रुपये और 512जीबी वैरिएंट की कीमत 1,09,900 रुपये है।
प्रो मॉडल के बेस वेरिएंट की कीमत 1,29,900 रुपये है। इसके 256जीबी वैरिएंट की कीमत 1,39,900 रुपये, 512जीबी वैरिएंट की कीमत 1,59,000 रुपये और 1टीबीी वैरिएंट की कीमत 1,79,900 रुपये है