Tinder युवाओं का सच्चे प्यार को तलाशने का ठिकाना। ऐसे में झूठ, फरेब और धोखाधड़ी का एक ऐसा केस सामने आया है जिसे जानने के बाद आपका दिल दहल जाएगा। राजस्थान के जयपुर में 28 साल के दुष्यंत शर्मा की मौत हो गई। दरअसल पहले दुष्यंत को किडनैप किया गया और बाद में फिरौती की मांग की गई। ये एक काफी सोची समझी साजिश थी जिसकी शुरुआत फरवरी 2018 से हुई। ये वही दिन था जब दुष्यंत का टिंडर पर 27 साल की प्रिया सेठ के साथ मैच हुआ।
पहली नजर में ये एक बेहद क्यूट लव स्टोरी सा लगा लेकिन ये झूठों के जाल से बुनी गई साजिश थी। प्रिया ने दुष्यंत से बातचीत करना इसलिए शुरू किया था ताकि समय आने पर वो उसे किडनैप कर सके और उससे पैसे लूट सके। दूसरी ओर दुष्यंत पहले से ही शादीशुदा थे लेकिन टिंडर पर खुद को दिल्ली के बेहद अमीर बैचलर विवान कोहली बता रहे थे। दोनों ने ही एक-दूसरे से काफी कुछ छिपा रखा था।
ऐप पर तीन महीनों तक बातचीत करने के बाद मई 2018 में दोनों ने मुलाकात का फैसला किया। प्रिया ने दुष्यंत को अपने किराए के घर पर बुलाया था। जैसे ही दुष्यंत वहां पहुंचे प्रिया ने दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया के साथ मिलकर उसे किडनैप कर लिया। जब किडनैपर्स ने फिरौती मांगने के लिए उसके घर पर फोन किया तो पता चला कि वो जितना खुद को अमीर बता रहा था उतना वो था ही नहीं। यहां तक की उसने अपनी पहचान भी गलत बताई थी।
दुष्यंत के पिता ने अपने बेटे के खाते में तीन लाख डिपॉजिट करवा दिए। किडनैपर्स ने जयपुर के नेहरू उद्यान स्थित एटीएम से दुष्यंत के डेबिट कार्ड से 20,000 रुपए निकाले। तीनों को अब डर लगने लगा कि वो पकड़े जाएंगे। ऐसे में तीनों ने दुष्यंत के शरीर पर तीखे वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। इस दौरान दुष्यंत के मुंह पर तकिया भी रखा गया। इसके बाद शरीर को कई टुकड़ों में काटकर एक सूटकेस में डाला और दिल्ली की एक सड़क पर फेंक दिया।
इस घटना के पांच साल बाद जयपुर की अदालत ने प्रिया, दीक्षांत और लक्ष्य को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। शुक्रवार को हुए सेशन में जज अजीत कुमार ने फैसले पर मुहर लगाते हुए कहा कि तीनों के खिलाफ जुर्म साबित करने के पर्याप्त सबूत हैं। सबूत के आधार पर तीनों के खिलाफ धारा 342, धारा 302, 120 बी और 201 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई जाती है।
पुलिस के मुताबिक सेठ और कामरा का पहले से ही अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। प्रिया सेठ को साल 2014, 2016 और 2017 में पहले भी गिरफ्तार किया गया था। वहीं कामरा को मुंबई में एटीएम मशीन तोड़ने के जुर्म में पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
मौत पर बनी थी डॉक्यूमेंट्री
दुष्यंत के मर्डर को लेकर एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई जा चुकी है। 2018 मई में जब ये केस सामने आया जो जर्नलिस्ट दीपिका नारायण भारद्वाज उसी साल जुलाई में दुष्यंत के पिता का इंटरव्यू लिया था। वीडियो इंटरव्यू में प्रिया मुस्कुराते हुए बता रही थीं कि कैसे दुष्यंत का शिकार करने से पहले वो हजारों आदमियों को ब्लैकमेल कर चुकी हैं। वीडियो में प्रिया ने एक सनसनीखेज खुलासा भी किया कि दुष्यंत के पिता को फिरौती के लिए फोन करने से पहले ही उन्होंने उसे खत्म कर दिया था।
पहले दुष्यंत के गले को दीक्षांत ने घोंटा लेकिन वो बच गया। ऐसे में लक्ष्य ने तकिए से उसके मुंह को दबा दिया फिर भी वो जिंदा बच गया। इसके बाद लक्ष्य ने चाकू से दुष्यंत को गोद डाला। वहीं लक्ष्य ने अपने बयान में बताया कि प्रिया ने पहले दुष्यंत पर चाकू चलाया।