Total Solar Eclipse 2024: इस साल का पहला सूर्य ग्रहण कुछ ही महीनों में लगने वाला है। 8 अप्रैल को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। इस साल का यह पहला सूर्य ग्रहण अमेरिका में दिखाई देगा। साल 2017 के बाद पहली बार 8 अप्रैल को अमेरिका में पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक, यह शानदार खगोलीय घटना पूरे उत्तरी अमेरिकी महाद्वीप में दिखाई देगी। ये सबसे पहले मेक्सिको के प्रशांत तट पर सुबह 11.07 बजे दिखेगा। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में सूरज को काला होते हुए देख सकेंगे। घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण लाखों लोग इस ग्रहण को देख सकते हैं।
इस साल होने वाला ये पूर्ण सूर्य ग्रहण अमेरिका के 13 राज्यों में दिखाई देगा। पूरे उत्तरी अमेरिका में आंशिक सूर्य ग्रहण नजर आएगा। इस साल का ये पूर्ण सूर्य ग्रहण कई वजह से खास है। यह 7 साल में दूसरी बार पूर्ण सूर्य ग्रहण पड़ रहा है। यह सूर्य ग्रहण करीब 3-4 मिनट का होगा।
विज्ञान के अनुसार, चंद्रमा पृथ्वी के चारों ओर एक कक्षा में परिक्रमा करता है। इसी समय पृथ्वी भी सूर्य की परिक्रमा करती है। परिक्रमा के दौरान कभी-कभी चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है। उस समय पृथ्वी पर सूर्य का प्रकाश न पड़कर चंद्रमा की परछाई नजर आने लगती है। इसी स्थिति को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। खगोलशास्त्र और विज्ञान में इसे ही सूर्य ग्रहण कहते हैं। सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या के दिन ही लगता है। इसकी वजह ये है कि अमावस्या में चंद्रमा पृथ्वी के कक्षीय समतल के निकट होता है। सूर्य ग्रहण तीन प्रकार के होते हैं। आंशिक सूर्य ग्रहण, वलयाकार सूर्य ग्रहण और पूर्ण सूर्य ग्रहण।
कहां-कहां दिखेगा सूर्य ग्रहण
इस साल का पहला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। 8 अप्रैल को लगने वाला यह सूर्य ग्रहण पश्चिमी यूरोप पेसिफिक, अटलांटिक, आर्कटिक मेक्सिको,उत्तरी अमेरिका कनाडा, मध्य अमेरिका, दक्षिण अमेरिका के उत्तरी भाग, इंग्लैंड के उत्तर पश्चिम क्षेत्र और आयरलैंड में दिखाई देगा।
जानिए कैसे देखें सूर्य ग्रहण
पूर्ण सूर्य ग्रहण को देखते समय खास तौर से सावधआनी बरतनी चाहिए। इसे देखने के लिए खास सौर फिल्टर आदि के साथ देखना चाहिए। बिना दूरबीन या कैमरा लेंस के जरिए चमकदार सूरज के किसी भी हिस्से को देखने से आंखों को नुकसान पहुंच सकता है।