Layoff News : कई कंपनियों के हजारों लोगों की छंटनी और हायरिंग पर रोक के साथ इस फेस्टिव सीजन की खराब शुरुआत हुई है। इसमें ट्विटर (Twitter) सबसे ज्यादा चर्चा में रही है, जिसमें एलॉन मस्क ने लगभग 3,700 कर्मचारियों को निकाल दिया। भारत में Twitter का 90 फीसदी से ज्यादा स्टाफ निकाल दिया गया। वहीं, फंडिंग में कमी से भारत के एडटेक सेक्टर की दो बड़ी कंपनियों बायजूस और अनएकेडमी में भी बड़े स्तर पर छंटनी हुई हैं।
हालांकि, छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पे (severance pay) और एक्जिट पे मिलेगा, जिसमें हेल्थ इंश्योरेंस और अन्य बेनिफिट्स शामिल होते हैं। कंपनियों से कर्मचारियों को निकाले जाते समय ज्वाइनिंग की शर्तों के तहत मिलने वाले वेतन, क्षतिपूर्ति और भत्तों को सेवरेंस पे कहा जाता है। हम यहां Twitter, Byju’s, Unacademy और अन्य कंपनियों के छंटनी के शिकार कर्मचारियों को मिलने वाले सेवरेंस पे के बारे में बता रहे हैं।
Twitter के नए ओनर एलॉन मस्क (Elon Musk) के एक ट्वीट से पता चलता है कि ट्विटर ने अपने सभी निकाले गए कर्मचारियों को तीन महीने के सेवरेंस पैकेज की पेशकश की है। सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में प्रभावित कर्मचारियों को दो महीने का वेतन ऑफर किया गया है।
Byjus : बायजूस ने 12 अक्टूबर को अपनी 5 फीसदी वर्कफोर्स यानी 2,500 कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया था। Byju’s के फाउंडर और सीईओ Byju Raveendran ने एक बयान में कहा, हमने कर्मचारियों और उनके परिजनों को ज्यादा समय तक मेडिकल इंश्योरेंस कवरेज सहित संभवतः सबसे बेहतर एक्जिट पैकेज की पेशकश की है। इसके अलावा इंडस्ट्री के कुछ सबसे बेहतर रिक्रूटमेंट स्पेशलिस्ट्स की अगुआई में आउटप्लेसमेंट सर्विसेज, फास्ट ट्रैक फुल एंड फाइनल सेटलमेंट की पेशकश की है।
Unacademy : SoftBank के निवेश वाली अनएकेडमी ने अपने 10 फीसदी वर्कफोर्स यानी 350 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। सीईओ गौरव मुंजाल ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा, छंटनी के शिकार कर्मचारियों को उनके नोटिस पीरियड के साथ ही दो महीने का अतिरिक्त वेतन मिलेगा।
Stripe : दिग्गज ऑनलाइन पेमेंट कंपनी ने अपने 14 फीसदी वर्कर निकाल दिए हैं। प्रभावित कर्मचारियों को 14 हफ्ते का सेवरेंस पे मिलेगा। लंबे समय से कंपनी से जुड़े लोगों को ज्यादा भुगतान किया जाएगा।