Udaipur: संपत्ति विवाद को लेकर उदयपुर पैलेस में भारी बवाल, राजपरिवार के दो परिवारों के बीच पथराव

Udaipur Palace Row: विश्वराज सिंह को सोमवार को उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के मुखिया के रूप में 'गद्दी' पर बैठाया गया था। महेंद्र सिंह मेवाड़ (विश्वराज के पिता) और उनके छोटे भाई अरविंद सिंह मेवाड़ के बीच विवाद है और सिटी पैलेस विश्वराज के चाचा अरविंद सिंह मेवाड़ के नियंत्रण में है। बड़ी पोल से धूणी तक के हिस्से के लिए 'रिसीवर' नियुक्त किए जाने के बाद विश्वराज सिंह सोमवार देर रात करीब 1.30 बजे 'धूणी' के दर्शन किए बिना ही अपने निवास पर चले गए

अपडेटेड Nov 26, 2024 पर 11:15 AM
Story continues below Advertisement
Udaipur Palace Row: उदयपुर राजपरिवार के बीच संपत्ति विवाद अपने चरम पर पहुंच चुका है

Udaipur Royal Family Clash: राजस्थान में उदयपुर राजपरिवार के बीच संपत्ति विवाद अपने चरम पर पहुंच चुका है। चित्तौड़ में महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद उनके बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ का राजतिलक हुआ, लेकिन इसके बाद पूजा स्थल 'धूणी' दर्शन को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यह घटना तब घटी जब विश्वराज सिंह मेवाड़ अपने समर्थकों के साथ उदयपुर के सिटी पैलेस में धूणी दर्शन के लिए पहुंचे और उन्हें महल में एंट्री करने नहीं दिया गया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देर रात तक महल के बाहर और अंदर के लोगों के बीच पत्थरबाजी हुई। पुलिस की भारी तैनाती के बाद मामला शांत हुआ।

उदयपुर जिला प्रशासन ने सिटी पैलेस में विवादित हिस्से के लिए 'रिसीवर' नियुक्त किया है। अधिकारियों के अनुसार यह फैसला विश्वराज सिंह और उनके समर्थकों द्वारा 'धूणी' के दर्शन के लिए प्रवेश करने को लेकर सोमवार रात हुए तनाव के बाद किया गया है।

कब शुरू हुआ विवाद?


दरअसल, विश्वराज सिंह को सोमवार को उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के मुखिया के रूप में 'गद्दी' पर बैठाया गया था। महेंद्र सिंह मेवाड़ (विश्वराज के पिता) और उनके छोटे भाई अरविंद सिंह मेवाड़ के बीच विवाद है। सिटी पैलेस विश्वराज के चाचा अरविंद सिंह मेवाड़ के नियंत्रण में है। बड़ी पोल से धूणी तक के हिस्से के लिए 'रिसीवर' नियुक्त किए जाने के बाद विश्वराज सिंह सोमवार देर रात करीब 1.30 बजे धूणी के दर्शन किए बिना ही अपने निवास पर चले गए।

सिटी पैलेस में 'धूणी' वह जगह है जहां विश्वराज को 'गद्दी' पर बैठने के बाद दर्शन करने जाना था। उनका धूणी के बाद उदयपुर में एकलिंग नाथ जी मंदिर जाने का कार्यक्रम था, जो अरविंद सिंह के नियंत्रण में है। 'रिसीवर' अब क्षेत्र को अपने कब्जे में लेगा और प्रवेश के बारे में निर्णय करेगा। महेंद्र सिंह मेवाड़ का हाल में निधन हो गया था। उनके बेटे विश्वराज का 'अभिषेक' करने की पारंपरिक रस्म 'दस्तूर' सोमवार को चित्तौड़गढ़ में की गई। इसके बाद उनका सिटी पैलेस में धूणी के दर्शन करने और फिर उदयपुर में एकलिंग नाथ जी मंदिर जाने का कार्यक्रम था।

ये दोनों ही स्थान अरविंद सिंह मेवाड़ के नियंत्रण में हैं और विश्वराज को दोनों स्थानों पर प्रवेश करने से रोकने के लिए उन्होंने अपने वकील के माध्यम से सोमवार को स्थानीय समाचार पत्रों में दो सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित करवाए थे। इनमें अतिक्रमण या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।

भारी पुलिस बल तैनात

सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित होने के बाद स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। समारोह के बाद विश्वराज और उनके समर्थक बड़ी संख्या में शाम को उदयपुर पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। विश्वराज कई घंटों तक सिटी पैलेस के प्रवेश द्वार से कुछ मीटर की दूरी पर जगदीश चौक पर इंतजार करते रहे। इस दौरान उनके समर्थकों ने बैरिकेट्स लांघने की कोशिश की और विरोध प्रदर्शन किया।

पथराव में पुलिसकर्मी घायल

जिलाधिकारी अरविंद पोसवाल और पुलिस अधीक्षक (SP) योगेश गोयल ने मामले में हस्तक्षेप किया और इसे सुलझाने के लिए विश्वराज सिंह एवं उनके चचेरे भाई लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ (अरविंद सिंह मेवाड़ के बेटे) से अलग-अलग कई दौर की बातचीत की। लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। इस बीच, देर रात सिटी पैलेस के मुख्य द्वार पर पथराव शुरू हो गया। दोनों तरफ से पथराव हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पीटीआई के मुताबिक, तनाव बढ़ने के बाद अतिरिक्त जिलाधिकारी, उदयपुर ने सिटी पैलेस के विवादित हिस्से बड़ी पोल से धूणी तक के लिए घंटाघर के थानाप्रभारी को 'रिसीवर' नियुक्त किया। 'रिसीवर' की नियुक्ति का नोटिस सिटी पैलेस के मुख्य द्वार पर चस्पा कर दिया गया है। सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे विश्वराज सिंह जगदीश चौक से वापस लौटकर उदयपुर स्थित अपने आवास सामोर बाग चले गए।

घंटाघर के थानाप्रभारी योगेंद्र कुमार व्यास ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आज कब्जा ले लिया जाएगा। विश्वराज सिंह नाथद्वारा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक हैं और उनकी पत्नी महिमा कुमारी राजसमंद से सांसद हैं।

ये भी पढ़ें- RBI गवर्नर शक्तिकांत दास की बिगड़ी तबीयत, चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Nov 26, 2024 11:12 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।