Unacademy layoffs : एडटेक की दिग्गज कंपनी Unacademy ने एक बार फिर छंटनी का ऐलान किया है। इस बार कंपनी के 380 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है जो कि कंपनी के टोटल वर्कफोर्स के 12 फीसदी के बराबर है। कंपनी ने 5 महीने से भी कम समय में चौथी बार छंटनी की है। पिछले नवंबर में कंपनी ने 350 कर्मयारियों को नौकरी से निकाला था। इस मौके पर कंपनी के को-फाउंडर और CEO गौरव मुंजाल ने एक नोट में छंटनी की जिम्मेदारी लेते हुए प्रभावित कर्मचारियों से माफी मांगी है।
गौरव मुंजाल ने नोट में लिखा, डियर टीम, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस तरह का एक और मैसेज भेजना होगा। हमने अपने कोर बिजनेस को प्रॉफिटेबल बनाने के लिए सही दिशा में हर कदम उठाया है, लेकिन फिर भी यह पर्याप्त नहीं है। हमें और आगे जाना है, हमें आगे बढ़ना है।"
उन्होंने आगे कहा, "दुर्भाग्य से, इसके चलते मुझे एक और कठिन निर्णय लेना पड़ रहा है। हम अपने टीम के साइज में 12 फीसदी की कमी करेंगे। ताकि हम अपने लक्ष्यों को पूरा कर सकें। मैंने यह अनुमान नहीं लगाया था कि मुझे फिर से ऐसा करना पड़ेगा और मुझे बहुत खेद है।”
बर्खास्त कर्मचारियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
नौकरी से निकाले गए Unacademy के कर्मचारियों को कुछ सुविधाएं मिलेंगी। उन्हें नोटिस पीरियड के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा। इसके साथ ही एक महीने का अतिरिक्त वेतन भी दिया जाएगा। बर्खास्त कर्मचारियों को 30 सितंबर तक अतिरिक्त 6 महीने का मेडिकल इंश्योरेंस कवरेज भी मिलेगा। इसके साथ ही डेडिकेटेड प्लेसमेंट और करियर सपोर्ट भी दिया जाएगा।
Unacademy की स्थापना मुंजाल, रोमन सैनी और हेमेश सिंह ने 2015 में की थी। भारत का दूसरा सबसे बड़ा एडटेक स्टार्टअप कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म है।