केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक बार फिर फोर्ब्स की पावरफुल महिलाओं की सालाना लिस्ट में दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में जगह बनाई है। इस साल वह 32वें स्थान पर हैं। इस सूची में राजनीति और पॉलिसीज, व्यवसाय, फाइनेंस, मीडिया और मनोरंजन जैसे विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिसमें दुनिया भर से प्रभावशाली महिलाओं को लिया गया है। Forbes ने 64 साल की निर्मला सीतारमण को भारत में राजनीति और पॉलिसीज में उनके योगदान के लिए मान्यता दी है।
राजनीति और पॉलिसीज में योगदान के लिए नाम शामिल
मई 2019 में निर्मला सीतारमण को भारत के वित्त मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही वो कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री भी हैं। राजनीति में अपने करियर से पहले, सीतारमण ने यूके स्थित एग्रीकल्चरल इंजीनियर्स एसोसिएशन और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस में भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य के रूप में भी बहुत काम किया है। फोर्ब्स ने अपनी छाप छोड़ने वाली अन्य उल्लेखनीय भारतीय महिलाओं में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र से रोशनी नादर को 60वें स्थान पर, बिजनेस में SAIL की सोमा मंडल को 70वें स्थान पर और किरण मजूमदार शॉ का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। जिन्हें बिजनेस के क्षेत्र में ही 76वां स्थान पर रखा गया है।
100 पावरफुल महिलाओं में से टॉप पर
अमेरिकी बिजनेस मैगजीन हर साल दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की लिस्ट जारी करती है। फोर्ब्स के अनुसार, यह चार प्रमुख मैट्रिक्स के आधार पर रैंकिंग निर्धारित करता है: पैसा, मीडिया, प्रभाव और प्रभाव के क्षेत्र। राजनीतिक नेताओं के लिए पत्रिका ने GDP और पॉपुलेशन को मानक के रूप में लिया है वहीं कॉर्पोरेट chiefs के लिए, राजस्व, मूल्यांकन और एंप्लॉयीज की संख्या को लिया है।
महिलाओं का महिलाओं के लिए कॉन्ट्रिब्युशन
फोर्ब्स के अनुसार इस साल की लिस्ट में लड़कियों की शिक्षा तक पहुंच, उनके अधिकारों, यूक्रेन और गाजा जैसे संघर्ष क्षेत्रों में जेंडर बेस्ड हिंसा के खिलाफ सेफ्टी और स्वास्थ्य की रक्षा, जलवायु नीति के लिए चल रही वैश्विक लड़ाई पर जोर दिया गया है। यूरोपीय कमीशन अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने 2023 में सूची में शीर्ष स्थान अर्जित किया है। दूसरे नंबर पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड हैं। अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस तीसरे स्थान पर हैं और उनके बाद इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी हैं। इस लिस्ट में टेलर स्विफ्ट ने 5वां स्थान हासिल किया है।