भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Ex.) लोगों को काफी पसंद आ रही है। इसी वजह से इंडियन रेलवे अलग अलग रूटों पर 15 जोड़ी वंदे भारत ट्रेनों का संचालन कर रही है। अब इंडियन रेलवे जून के आखिर तक पांच जोड़ी और वंदे भारत ट्रेनों को चलाने जा रही है। इनमें से एक ट्रेन पुरी से हावड़ा के बीच चलाई जाएगी।
चलाई जाएंगी और वंदे भारत ट्रेनें
एक अधिकारी ने मीडियो को बताया कि बैक टू बैक कई सारी वंदे भारत ट्रेनों को चलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। अभी हमारे पास पाइपलाइन में कई सारे रूट हैं। ऐसे में यह देखना होगा कि क्या उन रूट्स पर वंदे भारत ट्रेनों को चलाया जा सकता है या नहीं। हालांकि अधिकारी ने रूट्स को लेकर कोई भी खुलासा नहीं किया। लेकिन उन्होंने कहा कि कम से कम पांच वंदे भारत ट्रेनें जून के अंत तक शुरू हो जाएंगी।
पुरी से हावड़ा के बीच चलेगी वंदे भारत ट्रेन
इनमें से सबसे पहली वंदे भारत ट्रेन को पुरी से हावड़ा के बीच चलाया जाएगा। इसके बाद दूसरी वंदे भारत ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से गुवाहाटी के बीच चलेगी। वहीं पटना से रांची के बीच भी वंदे भारत ट्रेन को चलाए जाने की योजना है। गुवाहाटी से चलाई जाने वाली वंदे भारत ट्रेन नॉर्थ ईस्ट और असम की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। पिछले साल हावड़ा से न्यू जलपाई गुड़ी के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाई गई थी।
ओडिशा को मिलेगी वंदे भारत ट्रेन
रेलवे के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि पुरी से हावड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को 15 मई को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह ओडिशा से चलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। पिछले साल नवंबर में रेल मंत्री अश्विमी वैष्णव ने ऐलान किया था कि 2023 में ओडिशा को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलेगी। फिलहाल पुरी से हावड़ा के बीच चलने वाली सबसे तेज ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस है।
गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए चलेगी वंदे भारत ट्रेन
वहीं ऐसी भी संभावना है कि मई के आखिर तक गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच भी वंदे भारत ट्रेन को चलाया जाएगा। यह पूर्वोत्तर राज्य की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। साथ ही, इस महीने के अंत तक या जून में बिहार के पटना और झारखंड के रांची के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन चलने की उम्मीद है। इन राज्यों के लिए यह पहला वंदे भारत होगी। इन ट्रेनों के ब्योरे को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।