एक नींबू की कीमत तुम क्या जानो...महंगाई की मार से परेशान आम आदमी का सवाल

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद परिवहन लागत में इजाफा हो गया है। जिससे देश भर में सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं

अपडेटेड Apr 08, 2022 पर 11:21 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गर्मी के मौसम में एक नींबू की कीमत 10 रुपये (फाइल तस्वीर)

देश भर में आम आदमी पेट्रोल, डीजल और CNG पर महंगाई की मार झेल रहा है। इस बीच सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। नींबू ने तो आम आदमी के बजट को ही खट्टा कर दिया है। बढ़ती गर्मी के बीच नींबू (Lemon) की खपत बढ़ गई है। ऐसे में इसके दाम तो आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि कई जगहों पर एक नींबू 10 रुपये का मिल रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़तोरी के बाद सब्जियों के दाम में उछाल देखने को मिला है।

सब्जी विक्रेताओं (Vegetable sellers) का कहना है कि सब्जियों के दाम बढ़ने से उनकी बिक्री कम हो गई है। इतना ही नहीं परिवहन लागत (transportation cost ) में इजाफा होने की वजह से खरीद मूल्य (buying price) भी बढ़ गया है। ऐसे में मुनाफा (profit) कम हो गया है।

आलू-टमाटर हुए महंगे


दिल्ली के लाजपत नगर (Lajpat Nagar) के सब्जी कारोबारी धर्मेंद्र सिंह (Dharmendra Singh) ने बताया कि टमाटर की कीमतें 40 रुपये प्रति किलो चढ़ गई हैं, और आलू अब 25 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह 10 रुपये प्रति किलो बिकता था। सिंह ने आगे बताया कि ज्यादातर सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। हमें शायद ही किसी सब्जी में मुनाफा मिलता है। हम बाजार से एक तय कीमत पर सब्जियां खरीदते हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब लोग कम सब्जियां खरीद रहे हैं।

Petrol-Diesel prices: आज नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें कितनी है आपके शहर में कीमत

एक नींबू की कीमत 10 रुपये

लाजपतनगर के ही एक दूसरे विक्रेता अखिलेश ने कहा कि फलों के दाम भी बढ़ गए हैं। वहीं कुछ सब्जी बेचने वालों का कहना है कि हमने ग्राहकों को फ्री में धनिया पत्ती और मिर्च देना बंद कर दिया है। बाजार में मौजूदा समय में नींबू (Lemon) की कीमत 350 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसका मतलब ये है कि अब आपको एक नींबू 10 रुपये में मिलेगा। वहीं शिमला मिर्च की कीमत 100 रुपये प्रति किलोग्राम है।

इन राज्यों में नींबू के दाम हुए खट्टे

गुजरात, तेलंगाना और देश के कई अन्य हिस्सों में नींबू की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी हुई है। हैदराबाद में एक सब्जी विक्रेता ने कहा कि नींबू के दाम बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। पहले हम 700 रुपये में एक बोरी खरीदते थे। अब इसकी कीमत 3,500 रुपये हो गई है। ऐसे में अगर हम एक नींबू को 10 रुपये में बेचते हैं तो कोई भी खरीदने के लिए तैयार नहीं है। एक अन्य रिटेलर लक्ष्मी ने कहा कि मौजूदा समय में मैंने 3000 रुपये में नींबू की एक बोरी खरीदी है। 120 रुपये दर्जन बेच रही हूं, लेकिन कोई खरीदार नहीं मिला।

उत्तराखंड में सब्जियों का हाल

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद उत्तराखंड (Uttarakhand) में भी सब्जियों की कीमतों में काफी तेजी आई है। एक सब्जी विक्रेता ने बताया कि लगभग सभी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। नींबू 200 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं लौकी के दाम 30-35 रुपये प्रति किलो हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।