VLC Media Player : भारत में वीएलसी मीडिया प्लेयर के सबसे ज्यादा यूजर्स हैं और उसकी वेबसाइट के ब्लॉक होने से देश में उसके डाउनलोड्स घटने के साथ ही उसकी वेबसाइट पर कुल विजिट्स की संख्या में भी खासी कमी आ गई है। वीडियोलैन (VideoLAN) के प्रेसिडेंट और मीडिया प्लेयर के लीड डेवलपर जीन-बापतिस्ते केम्फ ने मनीकंट्रोल के साथ बातचीत में यह बात कही।
वेबसाइट पर कुल विजिटर्स की संख्या 10-12 फीसदी घटी
केम्फ ने एक क्वेरी के जवाब में कहा, “ब्लॉक होने के बाद हमारी वेबसाइट पर भारत में डाउनलोड की दर पहले से 10 फीसदी ही रह गई है।” साथ ही उन्होंने कहा कि ब्लॉकेज की कार्रवाई के बाद साइट पर विजिटर्स की संख्या 10 से 12 फीसदी घट गई है।
VLC Media Player चलाने वाले नॉन प्रॉफिट संगठन VideoLAN org ने यूआरएल पर सरकार की ब्लॉक की कार्रवाई के बाद कुछ दिन पहले दूरसंचार विभाग और इलेक्ट्रॉनिकी और आईटी मंत्रालय को एक लीगल नोटिस भेजा था। इसी यूआरएल से सॉफ्टवेयर डाउनलोड किए जाते थे।
कंपनी का पारदर्शिता की कमी का आरोप
लीगल नोटिस के मुताबिक, उनकी वेबसाइट को मार्च, 2022 से ब्लॉक किया जा चुका है। उसने तर्क दिया है कि ब्लॉक करने के आदेश में पारदर्शिता की कमी रही और कंपनी ने सरकार से आदेश के साथ-साथ अपने केस का बचाव करने का मौका देने के लिए भी कहा।
हालांकि, केम्फ ने ईमेल के जरिये स्पष्ट किया कि वे अपनी वेबसाइट को अनब्लॉक कराना चाहते हैं और सरकार की प्रतिक्रिया के लिए दो हफ्ते तक इंतजार करेंगे।
लीगल नोटिस में, VideoLAN ने आदेश की प्रति नहीं देने और वर्चुअल सुनवाई का मौका नहीं मिलने पर सरकार के खिलाई कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस पॉपुलर ऐप (VLC media player) को देश (VLC media player Banned In India) में संभवतः मार्च में ही बैन कर दिया गया था, लेकिन इसका खुलासा लगभग दो महीने पहले हुए था। कहा जा रहा है कि चीनी कनेक्शन के चलते इस पाबंदी लगाई गई है। बीजिंग के साथ एक हैकर ग्रुप ने वीएलसी मीडिया प्लेयर को हैक करने के लिए मैलवेयर के साथ वीएलसी मीडिया प्लेयर में घुसपैठ की है। इस ऐप (VLC media player) के जरिए एक साइबर हैकिंग ग्रुप सिकाडा एक्टिव था। मालवेयर के जरिए लोगों को अपना सॉफ्ट टारगेट बना रहा था।
यही वजह रही कि लोगों को साइबर फ्रॉड के मामलों से बचाने के लिए इस ऐप (VLC media player) को भारत में बैन कर दिया गया है। IT अधिनियम, 2000 के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आदेश के अनुसार वेबसाइट को ब्लॉक कर दिया गया है।