Watermelon Benefits: इन दिनों बहुत से लोग चिलचिलाती गर्मी का सामना कर रहे होंगे। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए आप तरबूज (Watermelon) का सेवन कर सकते हैं। वैसे भी मौसम मौसम के मुताबिक, फल खाने से उनमें मौजूद पोषक तत्वों का ज्यादा से ज्यादा फायदा मिलता है। अब तरबूज का मौसम भी आ गया है। ये रसीला और स्वादिष्ट फल पानी की मात्रा से भरपूर होता है। गर्मियों के मौसम में तरबूज खाने का मजा ही कुछ और होता है। हालांकि बाकी फलों की तरह इसका भी सीमित मात्रा में सेवन करना काफी फायदेमंद होता है। अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ नुकसान भी हो सकता है।
तरबूज को आप ब्रेकफास्ट के दौरान या ब्रेकफास्ट और दोपहर के भोजन के बीच खा सकते हैं। शाम के समय भी इसका सेवन किया जा सकता है। लेकिन रात के समय तरबूज का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे पेट से जुड़ी कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। आइए जानते हैं कि गर्मियों में तरबूज खाने से आपको क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं।
हार्ट के लिए फायदेमंद है तरबूज
तरबूज में साइट्रालाइन नाम का अमीनो एसिड पाया जाता है। इससे अचानक ब्लड प्रेशर को बढ़ने से रोका जा सकता है। तरबूज़ का सेवन करने या इसका जूस पीने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को बनने से रोका जा सकता है। तरबूज दिल के दौरे के जोखिम को भी कम कर सकता है। कुल मिलाकर हार्ट के लिए तरबूज किसी रामबाण उपाय से कम नहीं है।
तरबूज विटामिन C से भरपूर होता है। यह शरीर में इम्यून फंक्शन, सेल स्ट्रक्चर और घाव भरने के लिए कोलेजन का उत्पादन करने में मदद करता है। तरबूज में विटामिन A और बीटा-कैरोटीन मौजूद होते हैं। इससे स्किन को हेल्दी रखने और बालों की ग्रोथ में इजाफा होता है। विटामिन A आंखों के लिए अच्छा माना जाता है। तरबूज के नियमित सेवन से कब्ज की समस्या दूर हो जाती है। इसके साथ ही खून की कमी होने पर इसका जूस फायदेमंद साबित होता है।
कुछ लोगों को लगता है कि तरबूज मीठे होते हैं। इसलिए इनसे वजन बढ़ सकता है। हालांकि कुछ स्टडी में पता चला है कि 100 ग्राम कच्चे तरबूज में सिर्फ 6.2 ग्राम ही चीनी होती है। लिहाजा आप इसको वजन बढ़ने की चिंता किए बगैर खा सकते हैं। तरबूज में पानी की मात्रा ज्यादा होती है और साथ ही साथ फाइबर भी होता है। जिसकी वजह से आपको भोजन के बीच में भूख नहीं लगती है। इसमें कैलोरी भी कम होती है। इसलिए वजन बढ़ने का टेंशन खत्म हो जाता है।
सिर्फ तरबूज ही नहीं इसके बीज भी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। तरबूज के बीज हड्डियों के लिए अच्छे होते हैं। इनमें ओमेगा 3 फैटी एसिड्स, प्रोटीन, जिंक, फोलेट, पोटेशियम, कॉपर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। आप इन्हें नैचुरल मल्टीविटामिन मान सकते हैं।
तरबूज में विटामिन C पाया जाता है। जिससे मसूड़े हेल्दी रहते हैं। यह प्लाक बिल्डअप को स्लो करने में मदद करता है। तरबूज के सेवन से मसूड़े मजबूत होते हैं। यह उन्हें बैक्टीरिया से बचाता है। इससे दांत सफेद होते हैं और होठों को सूखने या फटने से रोकने में मदद मिलती है।