नए साल के शुरुआत के साथ ही पूरा उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों मे बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में गिरावट आई है। इससे गलन बढ़ गई है। कश्मीर में शीतलहर तेज हो गई है। दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई। राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हरियाणा, राजस्थान, बंगाल, बिहार में घना कोहरा छाया रहा।
आने वाले दिनों में भी सर्दी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 5 दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ अभी अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इससे पांच और छह जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी भागों में बूंदाबांदी की भी संभावना है।
दिल्ली में नए साल की शुरुआत ठंड के साथ हुई। आज (2 जनवरी) को शहर के तापमान में थोड़ा बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई है। लेकिन शहर को ठंड से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में आज ठंडी हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही मध्यम कोहरा छाया रहेगा। कुल मिलाकर दिल्ली में घने कोहरे, कोल्ड डे और शीतलहर का ट्रिपल अटैक चल रहा है। राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम से 18 डिग्री और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 5 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव के लिए घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 3 दिनों से गलन जारी
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से गलावट जारी है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। बुधवार को दोपहर के बाद कई जिलों में सूर्यदेव के दर्शन हुए। हालांकि, ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने तीन जनवरी से मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बरेली सहित कई जिलों में 3 जनवरी सुबह 8.30 बजे तक कड़ाके की ठंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। इस वजह से आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर और आसपास के क्षेत्र में बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिण तमिलनाडु के क्षेत्र में खास करके तिरुनेलवेली में आज बारिश हो सकती है। यहां पर 1 जनवरी को भी बारिश हुई थी।