Weather Update Today: देश में 31 मई तक हीटवेव का अलर्ट, दिल्ली में आसमान से बरस रही है आग, केरल में मानसून जल्द देगा दस्तक

Heatwave Alert: देश के कई इलाके भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। बढ़ती गर्मी से बिजली की मांग बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 3 दिन बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं दिल्ली में चिलचिलाती धूप के कारण राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ गई है

अपडेटेड May 29, 2024 पर 11:24 AM
Heatwave Alert: दिल्ली और राजस्थान में पारा 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है

पूरा उत्तर भारत इन दिनों मौसम की मार झेल रहा है। झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। आसमान से आग बरस रही है। लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इधर मौसम विभाग (India Meteorological Department – IMD) ने 31 मई तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का अनुमान जताया है। राजस्थान के चूरू का तापमान सबसे ज्यादा 50.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। दिल्ली भी पीछे नहीं रही। यहां भी मंगेशपुर एवं नरेला का अधिकतम तापमान 49.9 डिग्री पर पहुंच गया।

राजस्थान से लेकर पंजाब तक हर जगह गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल कुछ दिनों गर्मी से राहत के आसार नहीं है। वहीं आईएमडी ने 31 मई तक असम, मेघालय, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अन्य हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली में गर्मी की मार


दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार को पारा लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। दिल्ली में चिलचिलाती धूप के कारण राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली के बाहरी मुंगेशपुर और नरेला में मंगलवार को तापमान सामान्य से 9 डिग्री ज्यादा 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नजफगढ़ में तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पीतमपुरा और पूसा में तापमान 48.5 डिग्री दर्ज किया गया। पूरा का पूरा दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लू की वजह से हीट स्ट्रोक के मामले भी अब बढ़ रहे हैं।

दिल्ली में पानी बर्बाद होने पर चालान

भीषण गर्मी के बीच अब दिल्ली में पानी की भी किल्लत हो गई है। अगर आप देश की राजधानी रहते हैं तो आपको पानी का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करना है, वरना आपको बड़ा झटका लग सकता है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने पानी की बर्बादी या अधिक इस्तेमाल पर चालान की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि नल से कार धोने या पानी की टंकियों के ओवरफ्लो होने पर चालान हो सकता है।

इन इलाकों में आज होगी बारिश

29 मई से 31 मई, 2024 तक केरल और माहे, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज, के साथ हल्की से मध्य बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं इन राज्यों में कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। इसके साथ ही 29 से 31 मई तक उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।