देश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। कुछ राज्य ऐसे हैं, जहां बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। त्रिपुरा में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। ऐसे में आज (22 अगस्त) सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। सरकारी सहायता प्राप्त, निजी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और असम में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगस्त के बचे बाकि दिनों में बारिश काफी होगी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज तड़प के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, आईएमडी ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन की शुरुआत रिमझिम बारिश के साथ हो सकती है। हालांकि पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राजधानी में रिमझिम बारिश होने की संभावना है। MD के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली में हल्की और असम, मेघालय और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं आज केरल में मूसलाधार और लक्षद्वीप में अत्यधिक बारिश की आशंका जताई गई है।
पहाड़ों पर कैसा रहेगा आज मौसम?
उत्तराखंड में इस समय मानसून एक्टिव है। कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है। राज्य के पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि मौसम विभाग ने आज बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा,नैनीताल, और चंपावत में बारिश की संभावना जताई है।
बिहार में भी आज (22 अगस्त) बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज राज्य के 35 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। IMD के अनुसार आज पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज. सिवान, मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, गया, बेगूसराय, नवादा, लखीसराय और पटना में अच्छी बारिश हो सकती है।