Weather Updates: महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में रेड अलर्ट, केरल में ऑरेंज अलर्ट, पहाड़ों पर बाढ़ का खतरा, जानें दिल्ली में मौसम का हाल

Weather Forecast: देश के कई इलाकों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज यानी 2 अगस्त को देश के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका जताई गई है

अपडेटेड Aug 02, 2024 पर 9:45 AM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: देश की राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है।

भारत के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों बारिश का कहर जारी है। पहाड़ी राज्यों में बादल फटने से तबाही मची हुई है। वहीं केरल केवायनाड में भारी बारिश की वजह लैंडस्लाइड में सैकड़ों लोगों की जान चली गई है। वहीं मौसम विभाग (India Meteorological Department - IMD) ने आज यानी 2 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने हिमाचल प्रदेश, केरल, उत्तराखंड, कोंकण, गोवा, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, असम, मेघालय समेत देश के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में भी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। सूबे में पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड में जगह-जगह पर लैंडस्लाइड और बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। बुधवार रात गौरीकुंड-केदारनाथ मार्ग का 25 मीटर का हिस्सा ढह गया। इसके बाद पैदल मार्ग पर फंसे 1500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

दिल्ली में मौसम का हाल


मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है आज भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 2 अगस्त को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बरसात भी हो सकती है। हालांकि, आज का तापमान कल के मुकाबले ज्यादा रहने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर में 6 अगस्त तक लोगों को बारिश का सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है। वैसे भी दिल्ली में दो दिन पहले हुए जोरदार बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव हो गया है। हालांकि लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में मौसम की बात करें तो मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, पुणे, कोल्हापुर और सतारा के घाटी इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

केरल में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने केरल के वायनाड जिले में शनिवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस इलाके में पिछले लैंडस्लाइड की वजह से सैकड़ों लोगों की जान चली गई है। राहत और बचाव कार्य इभी जारी है। मौत का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। IMD ने वायनाड समेत केरल के 4 उत्तरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दक्षिण में, पथानामथिट्टा तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल से, बारिश की गतिविधि में काफी कमी आएगी। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश होगी।

Weather Updates: जुलाई महीने में झमाझम बारिश, देश के एक चौथाई हिस्से में बारिश की कमी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।