देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर जारी है। वहीं आज (11 मई 2024) पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखण्ड और तमिलनाडु में गरज के साथ मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) आंधी बारिश के लिए पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR का मौसम आज ठंडा-ठंडा है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। बीती रात धूल भरी आंधी चली और उसके बाद अच्छी बारिश हुई। हालांकि नोएडा में हल्की बौछारें पड़ीं, लेकिन राजधानी में अच्छी बारिश होने से मई के महीने में फरवरी की सर्दी जैसा मौसम लग रहा है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने 11 और 12 मई को येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों तक हल्की बारिश, गरज तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद मौसम में बदलाव होने के साथ ही गर्मी बढ़ने की आशंका जताई गई है। इस बीच दिल्ली में अधिकत तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पहले से ही दिल्ली में 15 मई तक मौसम खराब रहने के आसार जताए थे। 10 मई को अच्छी बारिश होने की चेतावनी दी थी।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 मई तक हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में और 12 मई तक राजस्थान में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 मई तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश ह सकती है। इस दौरान बादल गरजेंगे और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।