देश के कई राज्य कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे हैं। कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी तो कई इलाके घने कोहरे से छाए हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने 30 और 31 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट का अनुमान जताया है। 29 दिसंबर से 3 जनवरी तक पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी कड़ाके की ठंड पड़ की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी 30 और 31 दिसंबर को इसी तरह की स्थिति रहेगी। इधर दिल्ली में भी आज (29 दिसंबर 2024) से मौसम साफ रहेगा।
बता दें कि दिल्ली एनसीआर में 27 दिसंबर से लेकर 28 दिसंबर की रात तक लगातार रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। जिसकी वजह से अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बारिश की वजह से दिल्ली में ठिठुरन बढ़ गई है। तेज हवाएं चल रही हैं। लोग अपने घरों में ही हीटर और ब्लोअर के सामने बैठना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। दिल्ली की व्यस्त सड़कों और बाजारों में दो दिन से कम ही लोग नजर आ रहे हैं।
आज कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज (29 दिसंबर 2024) से बारिश का सिलसिला थम जाएगा। आज से मौसम ठंडा हो जाएगा। 31 दिसंबर तक फिलहाल बारिश का कोई भी पूर्वानुमान अब दिल्ली मौसम केंद्र ने जारी नहीं किया है। रविवार को आसमान साफ रहेगा। लेकिन सुबह कोहरा रहेगा और धूप सामान्य से अधिक समय तक छिपी रह सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर जारी है। IMD के अनुसार आज न्यूनतम तापमान 9 दर्ज किया गया है। अगले हफ्ते शुष्क और ठंडा मौसम रहेगा। नए साल की पूर्व संध्या पर ठंड और हल्की धुंध छाई पिछले 6 सालों से नए साल की पूर्व संध्या पर पारा 5 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहा है। जिसमें सबसे कम 2.4 डिग्री 28 दिसंबर 2019 को दर्ज दर्ज किया गया था। साल 2007 से अब तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे ही रहा है। इस साल भी ऐसा ही रह सकता है।
इन राज्यों में बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, लगातार दो नए पश्चिमी विक्षोभ बन रहे हैँ। जिसकी वजह से 1 से 6 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश/बर्फबारी हो सकती है। वहीं 29 और 31 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ओले गिर सकते हैं। 31 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छाया रह सकता है। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो सकती हैं।