Rajya Sabha Elections 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने 19 जनवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। AAP ने दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाती मालीवाल ( Swati Maliwal) को अपना राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का ऐलान लिया है। जबकि संजय सिंह (Sanjay Singh) और एनडी गुप्ता (ND Gupta) को भी संसद के उच्च सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नॉमिनेट किया गया है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार गुप्ता की राज्यसभा से छुट्टी कर दी है। उनकी जगह ही स्वाति मालीवाल को AAP की ओर से प्रत्याशी बनाया गया है।
AAP की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) ने शुक्रवार को तीनों उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि सुशील गुप्ता का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल इस महीने खत्म हो जाएगा। उन्होंने हरियाणा की चुनावी राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहने की अपनी अच्छा जताई है जहां AAP इस साल के अंत में चुनाव लड़ना चाहती है। जबकि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार संजय सिंह को दिल्ली के एक अदालत ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर दोबारा नॉमिनेशन के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है।
स्वाति ने 8 साल में डेढ़ लाख से अधिक शिकायतों पर कर की कार्रवाई
राज्यसभा उम्मीदवार घोषित होने के बाद DCW की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि दिल्ली महिला आयोग ने पिछले 8 वर्षों में बहुत अच्छा काम किया है। हमने 1 लाख 70 हजार शिकायतों पर काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को 500 से अधिक सुझाव भेजे हैं। हमने 60,000 यौन उत्पीड़न पीड़िताओं की काउंसलिंग की है...181 महिला हेल्पलाइन नंबर पर करीब 41 लाख कॉल आईं हैं।
स्वाति मालीवाल के बारे में जानें बड़ी बातें (Who is DCW chief Swati Maliwal)
- 15 अक्टूबर 1984 को जन्मी स्वाति मालीवाल जुलाई 2015 में DCW अध्यक्ष बनी थीं। उनका कार्यकाल 2018 में समाप्त हो गया, लेकिन एक बार फिर उनके कार्यकाल को अगले तीन वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया। मालीवाल इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की महिला हैं। इससे पहले, वह सार्वजनिक शिकायतों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाहकार थीं।
- मालीवाल अरविंद केजरीवाल टीम की तब से एक मुख्य सदस्य हैं, जब AAP प्रमुख सीएम नहीं थे। वह इंडियन अगेंस्ट करप्शन आंदोलन में शामिल होने वाली सबसे कम उम्र की महिलाओं में से एक थीं, जिसका नेतृत्व अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल ने किया था। उनकी शादी AAP नेता नवीन जयहिंद से हुई थी। हालांकि, फरवरी 2020 में कपल का तलाक हो गया।
- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में जन्मी मालीवाल ने JSS एकेडमी ऑफ टेक्निकल एजुकेशन से इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएट की डिग्री हासिल करने से पहले एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई की थी।
- शुरुआत में HCL में काम करने के बाद, उन्होंने 22 साल की उम्र में अपनी नौकरी छोड़ दी। फिर वह केजरीवाल और जेल में बंद AAP नेता मनीष सिसोदिया द्वारा संचालित NGO "Parivartan" में शामिल हो गईं।
- 'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, मालीवाल ने महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए 2013 में कुछ समय के लिए ग्रीनपीस इंडिया (Greenpeace India) के प्रचारक के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2014 में उन्होंने दिल्ली में विधायकों के साथ विकास सलाहकार के रूप में काम किया।
- मालीवाल भारत में सत्ता के बढ़ते केंद्रीकरण की वकालत करने वाले विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा, उन्होंने सूचना का अधिकार (RTI) एक्ट के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान भी चलाए हैं।