भारतीय क्रिएटर्स के लिए शॉपिंग प्रोग्राम शुरू, YouTube ने Flipkart और Myntra को बनाया पार्टनर

दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube भारत में एक शॉपिंग प्लेटफॉर्म के रूप में तेजी से विकसित होने की उम्मीद कर रहा है। इससे प्लेटफॉर्म पर क्रिएटर्स को कमाई का एक और मौका मिलने की उम्मीद है। YouTube भारत क्षेत्र के लिए योजनाओं को लेकर उत्साहित है। कंपनी ने इसके लिए पार्टनर प्लेटफॉर्म के रूप में Flipkart और Myntra के साथ साझेदारी की है

अपडेटेड Oct 25, 2024 पर 1:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
YouTube ने शॉपिंग एफिलिएट प्रोग्राम की शुरुआत करके भारत में यूट्यूब शॉपिंग का विस्तार किया है

YouTube Shopping in India: दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो प्लेटफॉर्म Youtube ने भारतीय क्रिएटर्स के लिए एक शॉपिंग प्रोग्राम शुरू किया है। इसके जरिए क्रिएटर्स और अधिक पैसे कमा सकते हैं। यूट्यूब ने कहा है कि उसने यूट्यूब शॉपिंग एफिलिएट प्रोग्राम (YouTube Shopping affiliate program) की शुरुआत करके भारत में यूट्यूब शॉपिंग का विस्तार किया है। इससे क्रिएटर्स के लिए अपनी कमाई में विविधता लाने और दर्शकों के लिए अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के उत्पाद खोजने के नए अवसर पैदा होंगे। यह प्रोग्राम वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनियों फ्लिपकार्ट (Flipkart) और ऑनलाइन फैशन रिटेलर मिंत्रा ( Myntra) के साथ शुरू होगा। इस करार के जरिए गूगल के स्वामित्व वाले इस फेमस वीडियो प्लेटफॉर्म अपनी शॉपिंग महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाना चाहता है।

यह करार फेस्टिव सेल सीज (festival sales season) के बीच में हुआ है, जिसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के लिए सबसे महत्वपूर्ण अवधि माना जाता है। YouTube पर योग्य कंटेंट क्रिएटर अपने वीडियो में उत्पादों को टैग और प्रमोट करेंगे, जिससे दर्शक Flipkart और Myntra के लिंक के माध्यम से आइटम खरीद सकते हैं। कंपनी इस सर्विस के जरिए भविष्य में और अधिक जानकारी जोड़ने की योजना बना रही है।

एफिलिएट प्रोग्राम का कैसे उठाएं लाभ?


जो क्रिएटर YouTube के पार्टनर प्रोग्राम का हिस्सा हैं और जिनके 10,000 से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, वे एफिलिएट प्रोग्राम में शामिल हो सकेंगे। वे अपने लॉन्ग-फॉर्म और शॉर्ट-फॉर्म वीडियो (शॉर्ट्स) और लाइवस्ट्रीम में उत्पादों की सिफारिश कर सकेंगे। कंपनी ने कहा कि क्रिएटर्स के पास मौजूदा और नए वीडियो दोनों में उत्पादों को टैग करने और लाइवस्ट्रीम के दौरान उन्हें पिन करने की सुविधा भी होगी।

यह विस्तार मौजूदा YouTube शॉपिंग सुविधा पर आधारित है, जो क्रिएटर्स को अपने स्टोर को अपने चैनलों से जोड़कर अपने मर्चेंडाइज को बढ़ावा देने की अनुमति देता है। यह सुविधा मोबाइल, वेब और कनेक्टेड टेलीविजन पर YouTube के सभी ऐप पर उपलब्ध होगी। YouTube के सीनियर अधिकारी ने मनीकंट्रोल को बताया कि कंपनी कनेक्टेड टेलीविजन पर शॉपिंग अनुभव को आसान बनाने के लिए QR कोड जैसी तकनीकों का लाभ उठाएगी।

क्रिएटर कमीशन के डिटेल्स

क्रिएटर इन उत्पादों की बिक्री पर कमीशन कमा सकेंगे। अधिकारी ने कहा कि कमीशन की गणना लोगों द्वारा खरीदे जाने वाले उत्पादों की कीमत के आधार पर की जाएगी, जिसमें डिलीवरी शुल्क शामिल नहीं है। उन्होंने कहा, "जितने ज्यादा उत्पाद उनके दर्शक खरीदेंगे, उनका कमीशन उतना ही ज्यादा होगा।" वर्तमान में कमीशन का 100 प्रतिशत क्रिएटर्स को जाता है, लेकिन अब YouTube भी कमीशन का एक हिस्सा लेगा।

उन्होंने कहा, "इससे उन्हें ब्रांडों के बीच अधिक पारदर्शिता लाने में मदद मिलती है, जिससे संभावित रूप से अधिक विज्ञापन राजस्व और ब्रांड प्रायोजन हो सकते हैं।" फ्लिपकार्ट ग्रुप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कॉर्पोरेट विकास एवं रणनीतिक भागीदारी प्रमुख रवि अय्यर ने कहा कि उनका लक्ष्य YouTube पर क्रिएटर्स द्वारा वीडियो के माध्यम से उत्पाद खोज को सक्षम करके दोनों प्लेटफॉर्म का उपयोग करने वाले ग्राहकों के अनुभव और जुड़ाव को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा, "500 मिलियन से अधिक ग्राहकों के साथ एक घरेलू ब्रांड के रूप में फ्लिपकार्ट और मिंत्रा विविध ग्राहक आधार की उभरती और बारीक खरीदारी आवश्यकताओं को समझते हैं। खरीदारी को आकर्षक और व्यक्तिगत बनाने और ग्राहकों को सूचित खरीद निर्णय लेने में सक्षम बनाने के लिए, हमने अपने प्लेटफॉर्म पर वीडियो कॉमर्स की शुरुआत की है, जिसमें फैशन, सौंदर्य, व्यक्तिगत देखभाल, घरेलू साज-सज्जा और अन्य सहित कई कैटेगरी शामिल हैं। इसमें टियर 2 और 3 शहरों के ग्राहकों के साथ मजबूत जुड़ाव है।"

ये भी पढ़ें- VIDEO: पुलिसकर्मी ने चेकिंग के लिए रोकी कार, नाराज शख्स ने कांस्टेबल को कार के बोनट पर 100 मीटर तक घसीटा

YouTube भविष्य में अपने सहबद्ध कार्यक्रम में और अधिक भागीदारों को जोड़ने की योजना बना रहा है। यह कदम YouTube द्वारा सितंबर में सिंगापुर स्थित Sea Limited की ई-कॉमर्स ब्रांच Shopee के साथ इसी तरह की साझेदारी करने के एक महीने बाद उठाया गया है। यह शॉपिंग सर्विस अमेरिका, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड और वियतनाम में उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर 250,000 से अधिक क्रिएटर्स ने YouTube शॉपिंग प्रोग्राम में रजिस्ट्रेशन कराया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।