US Embassy and Consulates ने 27 सितंबर को अपनी वेबसाइट पर बताया कि इंडियन लोगों की तरफ से वीजा (Visa) के बहुत ज्यादा अप्लिकेशंस मिले हैं। इस वजह से सभी ट्रैवलर के वीजा अप्लिकेशन को उनकी ट्रैवल डेट से पहले प्रोसेस करना मुश्किल है। इससे वैसे ट्रैवलर पर भी असर पड़ सकता है, जिनके ट्रैवल का समय और मकसद बहुत संवेदनशील है।
अमेरिकी एम्बेसी ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति अमेरिका जाने के लिए नॉन-इमिग्रेशन वीजा के लिए बतौर टेंपररी विजिटर अप्लाई करना चाहता है तो उसे इंटरव्यू के लिए करेंट वेटिंग टाइम को देख लेने की सलाह है। इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध एक टूल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
अमेरिकी दूतावास की तरफ से कहा गया है कि मार्च 2020 के बाद से उसके ऑपरेशन पर बहुत असर पड़ा है। कोरोना से जुड़ी दिक्कतों के साथ ही स्टाफ की कमी इसकी वजहें हैं। इधर, सभी कैटेगरी के वीजा के लिए अप्वॉइंटमेंट डिमांड बहुत ज्यादा है। इस वजह से ज्यादातर रूटीन नॉन-इमीग्रेंट के लिए अप्वॉइंटमेंट के लिए इंतजार का समय बहुत लंबा हो सकता है। यह स्थिति दिल्ली स्थित एम्बेसी के साथ ही चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई के कंसुलेट्स में है।
अमेरिकी दूतावास ने इस महीने से रूटीन इन-पर्सन बी1 और बी2 प्रोसेसिंग का काम शुरू किया था। उसने बताया है कि विदेश मंत्रालय ने कंसुलर ऑफिसर्स को 31 दिसंबर, 2022 तक खास कैटेगरी के वीजा अप्लिकेशंस को इन-पर्सन इंटरव्यू से छूट देने के अधिकार दिए हैं। इस छूट का लाभ F, H-1, H-3, H-4, non-blanket L, M, O, P, Q, और academic J visas के ऐसे अप्लिकेंट्स को मिलता है, जिन्हें पहले कभी वीजा जारी किए थे और जो अपने देश में रहते हुए बतौर रेजिडेंट वीजा के लिए अप्लाई करते हैं।
हालांकि, इन-पर्सन इंटरव्यू से छूट का लाभ उन अप्लिकेंट्स को नहीं मिलेगा, जिनके वीजा के आवेदन पहले खारिज किए जा चुके हैं। अगर किसी अप्लिकेंट्स से अतिरिक्त जानकारी मांगने की जरूरत पड़ती है तो एडजुडिकेटिंग कंसुलर ऑफिसर इन-पर्सन इंटरव्यू के लिए अनुरोध कर सकता है। ऐसे वीजा अप्लिकेंट्स जो वीजा एक्सपायरी के 48 महीने के अंदर उसे रिन्यू करना चाहते हैं, उन्हें भी इंटरव्यू की जररूत पड़ेगी।
अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि कई वीजा अप्लिकेंट्स ने वीजा अप्लिकेशन प्रोसेसिंग फीस चुका दी है। वे अब भी अपना वीजा अप्वॉइंटमेंट का समय और तारीख तय किए जाने का इंतजार कर रहे हैं। इसलिए दूतावास जितना जल्द हो सके, उतना सभी रूटीन वीजा आपरेशन को बहाल करने की कोशिश कर रहा है।