Kedarnath Dham 2023: भारी बारिश के कारण उत्तराखंड (Uttarakhand Weather Update) के सोनप्रयाग और गौरीकुंड में केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार खराब मौसम के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है। बारिश के कारण करीब एक दर्जन से अधिक सड़कों पर मलबा आने से बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण मंदाकिनी और अलकनंदा नदियां उफान पर हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बारिश का अलर्ट निश्चित रूप से हमारे लिए एक चुनौती भी है इसलिए हमने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा हुआ है। प्रयास किया जा रहा है कि अधिकतर मार्ग खोले जाए। सभी तीर्थयात्रियों से यही अनुराध किया जा रहा है कि जब तक खराब मौसम है तब तक अपनी यात्रा रोक दें।
उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने 12 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के आसपास के इलाकों में 12 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश (115.6 से 204.4 मिमी) होने की आशंका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर राज्य प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास मलबा गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।
सीएम ने कहा कि सभी जिला प्रशासन के अधिकारी और हमारे आपदा प्रबंधन के लोग अपना काम कर रहे हैं। उन सभी को किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए अलर्ट मोड में रहने के लिए कहा गया है। धामी ने कहा कि हमारे अन्य संगठन भी इस पर काम कर रहे हैं। NDRF, सेना और हमारा PWD विभाग किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है और हम किसी भी स्थिति में लोगों की मदद के लिए लगातार उनके संपर्क में हैं।