Vande Bharat Express: पटना और रांची के बीच जल्द दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, नया रूट तैयार, जानें कब से कर सकेंगे सवारी

Vande Bharat Express: रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस को नवनिर्मित पटना-गया-कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बरकाकाना-BIT मेसरा-ततिसिलवाई-रांची रूट पर चलाने का फैसला किया है, जो लगभग 378 किलोमीटर है। सूत्रों ने कहा कि नए रूट पर ट्रैक फिट हैं और हाई-स्पीड पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए तैयार हैं। वंदे भारत चलाने के लिए शुरुआती जमीनी काम लगभग पूरा कर लिया गया है

अपडेटेड Jun 07, 2023 पर 7:22 PM
Vande Bharat Express: देश की सबसे तेज गति से चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन पटना से रांची के बीच चलेगी

Ranchi-Patna Vande Bharat Express: बिहार की राजधानी पटना (Patna) से झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पटना से रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने के लिए रेलवे ने कमर कस ली है। वंदे भारत का नया रैक मंगलवार 6 जून को पटना जंक्शन पहुंचीं। बताया जा रहा है कि इसी महीने इस रूट (Patna-Ranchi Vande Bharat Route) पर वंदे भारत ट्रेन (Ranchi to Patna) की सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए नया रेल रूट बनकर तैयार हो गया है।

चेन्नई से वंदे भारत एक्सप्रेस की 8 कोच की रेक जब पटना जंक्शन पहुंची तो रेलवे स्टेशन पर देखने वालों की भीड़ लग गई। लोग ट्रेन को अंदर जाकर उसे देखना चाहते थे। पटना जंक्शन के 7 नंबर प्लेटफार्म पर वंदे भारत ट्रेन को रखा गया है। देश की सबसे तेज गति से चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन पटना से रांची के बीच चलेगी। रिपोर्ट की मानें तो पटना से कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना टाटीसिल्वे यानी नए रेल रूट पर यह ट्रेन सरपट भागेगी।

कब होगा शुरू?


रेलवे ने अभी तक पटना से रांची तक चलने वाले इस ट्रेन के उद्घाटन की तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया है। लेकिन इसे इस महीने के अंत तक शुरू किए जाने की संभावना है। दानापुर के ADRM आधार राज ने टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) से कहा कि आठ सबसे आधुनिक कोचों वाले वंदे भारत एक्सप्रेस के नए रेक की पूरी तरह से जांच की जाएगी और ट्रायल पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे ने अस्थायी रूप से अपना शेड्यूल इस तरह से तैयार किया है कि दोनों जगहों के यात्रियों को यात्रा वाले दिन ही वापस लौटने में सुविधा हो।

रूट तैयार

सूत्रों ने TOI को बताया कि रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस को नवनिर्मित पटना-गया-कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बरकाकाना-BIT मेसरा-ततिसिलवाई-रांची रूट पर चलाने का फैसला किया है, जो लगभग 378 किलोमीटर है। सूत्रों ने कहा कि नए रूट पर ट्रैक फिट हैं और हाई-स्पीड पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए तैयार हैं। वंदे भारत चलाने के लिए शुरुआती जमीनी काम लगभग पूरा कर लिया गया है।

अधिकारी के अनुसार, लोको पायलटों सहित चालक दल के सदस्यों को उचित ट्रेनिंग दिया जाएगा, ताकि पटना और रांची के बीच उद्घाटन के दौरान बिना किसी समस्या के ट्रेन को चलाया जा सके। इस रूट पर ट्रेन के मुश्किल से छह से सात घंटे में दूरी तय करेगी। वंदे भारत अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

ये भी पढ़ें- ओडिशा रेल दुर्घटना: 1 शव के 5 दावेदार! DNA टेस्ट का ले रहे हैं सहारा, रेलवे के लिए मृतकों की शिनाख्त बनी मुसीबत

नया पटना-रांची रूट रांची, नामकोम, ततीसिलवाई, शंकी, सिधवार, बराकाकाना, अरिगाडा, कुजू, हजारीबाग टाउन, कोडरमा जंक्शन, बंधुआ, मानपुर, गया और पटना जंक्शन जैसे बड़े एवं छोटे स्टेशनों से होकर गुजरेगा। अभी रांची जाने वाली सामान्य ट्रेनों को 8 से 10 घंटे तक का समय लगता है। अब पटना से रांची की दूरी यह ट्रेन 6 से 7 घंटे में तय कर लेगी। रेलवे की तरफ से अभी किराया को फाइनल नहीं किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।