Vande Bharat: जापानी बुलेट ट्रेन को पछाड़ा स्वदेशी वंदे भारत ने, सिर्फ 52 सेकंड में पकड़ी 100 की स्पीड, देखें वीडियो

Vande Bharat: वंदे भारत पूरी तरह से भारत में डिजाइन और तैयार होने वाली पहली ट्रेन है। स्पीड के मामले में इसने बुलेट ट्रेन (Bullet Train) को पीछे छोड़ दिया है

अपडेटेड Sep 23, 2022 पर 4:40 PM
देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत महज 52 सेकंड में शून्य से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

Vande Bharat: वंदे भारत पूरी तरह से भारत में डिजाइन और तैयार होने वाली पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है। स्पीड के मामले में इसने बुलेट ट्रेन (Bullet Train) को पीछे छोड़ दिया है। वंदे भारत की इस उपलब्धि की जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा कर के दी है। इस वीडियो में उन्होंने बताया कि किस तरह स्पीड पकड़ने के मामले में वंदे भारत बुलेट ट्रेन को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि वंदे भारत को ट्रेन 18 के भी नाम से जाना जाता है।

केंद्रीय रेल मंत्री के मुताबिक देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत महज 52 सेकंड में शून्य से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी तुलना अगर जापान में बनी बुलेट ट्रेन से करें तो यह इतनी स्पीड पकड़ने में तीन सेकंड ज्यादा समय लेती है। बुलेट ट्रेन को शून्य से 100 किमी की रफ्तार पाने में 55 सेकंड लगते हैं।

Stock Tips: इस सरकारी कंपनी में निवेश पर 70% मुनाफे का मौका, 100 रुपये से भी कम में मिल रहे हैं शेयर


180 किमी की स्पीड पर भी जर्किंग नहीं

केंद्रीय रेल मंत्री ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें वंदे भारत ने जब 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी तो उस दौरान भी अंदर रखे गिलास में भरा पानी बाहर नहीं छलका। अश्विनी ने इसे देश की एडवांस्‍ड तकनीक का नायाब नमूना बताया। वंदे भारत की स्पीड को लेकर यह ट्रायल राजस्‍थान के कोटा से नागदा रेलवे स्‍टेशन के बीच किया गया और ट्रॉयल के दौरान कई बार ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी। इस ट्रेन ने 183 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ी।

अभी दो रूट पर चल रही वंदे भारत

वंदे भारत सेमी हाईस्‍पीड इंटरसिटी ईएमयू ट्रेन है। यह ट्रेन मार्च 2022 से दो रूट पर चल रही है। पहला रूट तो दिल्ली से श्री माता वैष्‍णों देवी कटरा का है और दूसरा नई दिल्‍ली से वाराणसी के लिए है। इस ट्रेन में भारत में ही तैयार किए गए सेल्‍फ प्रोपेल्‍ड इंजन इंजन लगे हैं जो बोगी में ही जुड़ा हुआ है। इसके दरवाजे ऑटोमेटिक हैं और कोच में लगी चेयर 180 डिग्री पर रोटेट हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।