Vibrant Gujarat Global Summit 2024 : वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 (VGGS 2024) की शुरुआत कल यानी 10 जनवरी से होने वाली है। इसमें शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 से 10 जनवरी तक गुजरात में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सोमवार रात को ही गांधीनगर पहुंच गए थे। अब कल सुबह वे इस समिट का उद्घाटन करेंगे। इस 10वें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में शामिल होने के लिए दुनिया भर के नेता गांधीनगर में जुटने वाले हैं।
इस वर्ष समिट में 34 भागीदार देश और 16 भागीदार संगठन भाग ले रहे हैं, जिनमें पूर्वी तिमोर के राष्ट्रपति और नोबेल पुरस्कार विजेता जोस रामोस-होर्टा जैसी जानीमानी हस्तियां शामिल हैं। इसके अलावा, संयुक्त अरब अमीरात और मोजाम्बिक के राष्ट्राध्यक्ष, चेक गणराज्य के प्रधान मंत्री पेट्र फियाला (ODS) भी इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
10 से 12 जनवरी तक होने वाले इस समिट का थीम 'गेटवे टू फ्यूचर' है, जिसका मतलब है- भविष्य का प्रवेश द्वार। इसे वाइब्रेंट गुजरात की सफलता के तौर पर मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत साल 2003 में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान हुई थी। पिछले कुछ वर्षों में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट एक बड़े प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हुआ है, जो गुजरात के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यूसी ने गुजरात में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, सांस्कृतिक संबंध, आतंकवाद, स्वास्थ्य और समुद्री सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई है।
तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति से मुलाकात
गांधीनगर में पीएम मोदी और तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस होर्टा के बीच एक अहम बैठक हुई, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग पर बात हुई। इस बातचीत में हेल्थ, ट्रेडिशनल मेडिसिन, एनर्जी, आईटी, फिनटेक और कैपिसिटी बिल्डिंग पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने तिमोर-लेस्ते को इंटरनेशनल सोलर अलायंस और डिजास्टर रेजिलेंट इन्फ्रॉस्ट्रक्चर के गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया।
क्या है 10 जनवरी का पूरा शेड्यूल
प्रधानमंत्री मोदी का बुधवार, 10 जनवरी को गांधीनगर में महात्मा मंदिर कंवेंशन सेंटर में शिखर सम्मेलन के 10वें सत्र का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की एक विज्ञप्ति के अनुसार, आठ से 10 जनवरी तक गुजरात की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी विश्व के नेताओं, शीर्ष वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो में कंपनियां वर्ल्ड क्लास स्टेट ऑफ द आर्ट टेक्नोलॉजी से बने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगी। ई-मोबिलिटी, स्टार्ट-अप, एमएसएमई, ब्लू इकोनॉमी, ग्रीन एनर्जी और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर इस ट्रेड शो के कुछ फोकस सेक्टर हैं।