Cold Wave Alert: अगले सप्ताह हिमाचल में होगी भारी बर्फबारी, दिल्ली-NCR सहित इन राज्यों में बारिश बढ़ाएगी ठंड

Cold Wave Alert: मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। IMD ने अगले एक सप्ताह के दौरान भारी बर्फबारी और बारिश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में तापमान में गिरावट की भविष्यवाणी की है

अपडेटेड Jan 18, 2023 पर 1:18 PM
Cold Wave Alert: मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 25 जनवरी के बीच बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है

Cold Wave Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को लगातार आठवें दिन शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। दिल्ली की सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में जनवरी 2020 में सात दिन शीतलहर चली थी, पिछले साल एक भी ऐसा दिन दर्ज नहीं किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 25 जनवरी के बीच बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है। वहीं, 23 और 24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बताया कि 23 और 24 जनवरी को जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम ओलावृष्टि होने की आशंका है।

IMD के अनुसार, दिल्ली में 5 से 9 जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही। अभी तक इस महीने 50 घंटे तक घना कोहरा दर्ज किया गया जो 2019 के बाद से सबसे अधिक है।


हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी की भविष्यवाणी

IMD ने अगले एक सप्ताह के दौरान भारी बर्फबारी और बारिश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में तापमान में गिरावट की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह के दौरान बर्फबारी और बारिश की आशंका जताई है। अधिकारियों ने एएनआई को बताया कि कई क्षेत्र में भारी बर्फबारी की आशंका है।

एएनआई से बात करते हुए हिमाचल प्रदेश के IMD प्रमुख सुरेंद्र पॉल ने कहा, 'अगले 48 घंटों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। प्रदेश में पारा गिरा है। राज्य के अधिकांश स्थानों पर 19 जनवरी के बाद बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी।"

उन्होंने कहा, "आने वाले सप्ताह में शिमला सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बर्फबारी होगी। लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान -11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।"

ये भी पढ़ें- IMD Alert: दिल्ली में 21 जनवरी से होगी बारिश, पड़ेंगे ओले; 50 की स्पीड से चलेंगी तेज हवाएं

उन्होंने आगे भविष्यवाणी की कि अगले एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में भारी बर्फबारी की आशंका है। उन्होंने कहा, "अगले एक सप्ताह में शिमला और अन्य हिस्सों में भारी बर्फबारी होगी। क्षेत्र में 22 से 26 जनवरी के बीच एक और मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की उम्मीद है।"

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश एवं ओलावृष्टि की आशंका

IMD ने मंगलवार को अपने पूर्वानुमान में कहा कि दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में मंगलवार को न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के साथ क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

IMD ने कहा कि 21 से 25 जनवरी के बीच एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 21 जनवरी को बारिश या बर्फबारी शुरू होने और 23-24 जनवरी को चरम स्थिति बनने के साथ 25 जनवरी तक इसके जारी रहने का अनुमान है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि 23 और 24 जनवरी को जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

इसने बताया कि 23-24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में इस सर्दी के मौसम में अब तक कोई बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर और दिसंबर में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का अभाव बारिश नहीं होने का कारण था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।