IMD Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश (Heavy Rainfall) होने की आशंका है। तमिलनाडु (Tamil Nadu Rains), केरल (Kerala Rains), कर्नाटक (Karnataka Rains), आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh Rains) और लक्षद्वीप (Lakshadweep Rains) में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट (IMD Issues Alert for Heavy Rainfall) जारी किया गया है।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई समेत कुछ अन्य हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई। IMD ने आज यानी 13 दिसंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) और कम दबाव के क्षेत्र के बनने की आशंका के कारण 15 दिसंबर तक और बारिश (Rains) का अनुमान जताया है। बारिश के कारण कांचीपुरम जिले के अलावा तिरुवल्लुर और उथुकोट्टई तालुक सहित कुछ क्षेत्रों के स्कूलों ने अवकाश घोषित कर दिया था।
IMD ने ट्वीट किया, "अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने और उसके बाद कम होने की आशंका है। दक्षिण पूर्व और इससे सटे पूर्वी मध्य अरब सागर में 13 दिसंबर के आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है।"
मौसम विभाग ने आगे कहा, "तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 12 और 13 दिसंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।"
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
IMD ने मछुआरों को 12-13 दिसंबर को समुद्र में न जाने की भी सलाह दी है। मौसम विभाग ने ट्वीट किया, "मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे 12-13 दिसंबर, 2022 को दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य अरब सागर एवं केरल-कर्नाटक तट और लक्षद्वीप क्षेत्र में न जाएं।"
कर्नाटक में भी हो सकती है भारी बारिश
IMD के अनुसार, उत्तरी तमिलनाडु के इलाकों और इससे सटे दक्षिण कर्नाटक (Karnataka Rains) के इलाकों तथा उत्तरी केरल के तटीय इलाके में चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण 13 दिसंबर के आसपास क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। बाद में इसके भारतीय तट से दूर पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को तमिलनाडु में और केरल तथा माहे में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। उसके बाद इस क्षेत्र में बारिश की गतिविधि में कमी आएगी।