Snowfall in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। जबकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राज्य भर में रुक-रुककर बारिश होने से 278 सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इस बीच, इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह पांच दिनों तक राज्य में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 जनवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश होगी।
हिमाचल के कुल्लू में जलोड़ी जोत और रोहतांग दर्रे में क्रमशः 60 और 45 सेंटीमीटर, जबकि अटल सुरंग के दक्षिण छोर और चैंसल में 30-30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। चुडधर और डोडरकवार में 25 सेंटीमीटर, खदराला में 16 सेंटीमीटर और शिमला में जाखू चोटी तथा कुफरी के आसपास के क्षेत्रों में तीन से 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। मनाली, गोहर और टिंडर में क्रमश: 16 मिलीमीटर, 11 मिलीमीटर और 8.3 मिलीमीटर पानी बरसा, जबकि नाहन और भुंतर में 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वाहनों की आवाजाही प्रभावित
नेशनल हाइवे तीन और 305, रोहतांग दर्रे और जालोरी दर्रे पर बाधित रहा, जबकि नेशनल हाइवे 505 के ग्राम्फू से लोसर के बीच वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। लाहौल और स्पीति में 177, शिमला में 64, किन्नौर में नौ, चंबा में पांच, कुल्लू में तीन और कांगड़ा तथा सिरमौर जिले में दो-दो सड़कें बंद रहीं।
26 जनवरी तक होगी बर्फबारी
मौसम विभाग ने 26 जनवरी तक क्षेत्र में बारिश, 21-22 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी और 23 जनवरी को मध्य तथा ऊंची पहाड़ियों वाले कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है।
टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एम के सेठ ने पीटीआई को बताया कि राज्य की राजधानी और इसके उपनगरों में ताजा बर्फबारी के बाद शुक्रवार देर शाम तक होटलों के 70 प्रतिशत तक भर जाने की उम्मीद है। अभी होटल 30 प्रतिशत तक भरे हैं।
उत्तराखंड में भी बिगड़ा मौसम
उत्तराखंड के जोशीमठ सहित चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार देर रात से बर्फ गिरनी शुरू हो गई थी, जो अब तक जारी है। वहीं, निचले इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी के साथ राज्य में सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों की कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
जोशीमठ में शुक्रवार सुबह पहले बारिश और फिर बर्फबारी शुरू हो गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में जुटे कर्मियों के साथ ही आपदा पीड़ितों की मुश्किलें भी बढ़ गईं। मौसम विभाग के अनुसार, बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, औली, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क, फूलों की घाटी राष्ट्रीय पार्क और केदारनाथ कस्तूरी मृग अभयारण्य का अधिकतर इलाका बर्फ से ढक गया है।