Weather Update: उत्तराखंड के पवित्र शहर जोशीमठ (Snowfall in Joshimath) में भूधंसाव के बीच शुक्रवार को हुई बर्फबारी (Snowfall) और बारिश (Rainfall) ने ठंड बढ़ा दी है। बर्फबारी ने अस्थायी राहत शिविरों में रह रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बता दें कि कई घरों और ढांचों में पहले ही दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे लोग बेघर हो गए हैं। उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाके बर्फ से ढक गए हैं। केदारनाथ धाम में भी शुक्रवार सुबह भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण पूरे क्षेत्र में बर्फ की मोटी परत देखने को मिली। न्यूज एजेंसी ANI ने इसका वीडियो जारी किया है। वीडियो में देखा जा सकता है मंदिर परिसर पूरी तरह बर्फ से ढक गया है।
इसके अलावा राज्य के धनोल्टी, मसूरी और पिथौरागढ़ जिलों में भी आज बर्फबारी हुई। इस बीच, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 20, 23 और 24 जनवरी को जोशीमठ, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई थी। राज्य के अन्य क्षेत्रों जैसे धनोल्टी, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब और औली में भी ताजा बर्फबारी देखी गई।
उत्तर भारत को ठंड से राहत
पिछले कुछ दिनों से भीषण शीतलहर की चपेट में रहे उत्तर भारत को अब अगले कुछ दिन तक इससे राहत मिलने वाली है। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को शीतलहर से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग और बिहार के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना रहा। उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ भागों और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के दूरदराज के हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। IMD ने एक बयान में कहा कि 15 जनवरी से 18 जनवरी तक राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर की स्थिति रही। 19 जनवरी से ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से इन क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर थम गई।
बयान में कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीतलहर की कोई स्थिति नहीं है। IMD ने बताया कि एक और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस 20 जनवरी की रात से 26 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 23 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग ने कहा कि इसके प्रभाव से, 20 से 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की आशंका है। बारिश और बर्फबारी के 23 जनवरी से 26 जनवरी के बीच बढ़ने की अनुमान है। 23 जनवरी से 26 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है।