Weather Forecast: अगले दो दिन में मानसून के वापस लौटने की शुरू हो जाएगी प्रक्रिया, इन राज्यों में होगी भारी बारिश

Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी एवं ओडिशा तट पर एक और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके आगामी 48 घंटों में ओडिशा एवं उत्तरी छत्तीसगढ़ की तरफ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है

अपडेटेड Sep 20, 2022 पर 7:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD ने दिल्ली में अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान लगाया है

Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि अगले दो दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के वापस लौटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। IMD ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और कच्छ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अब तक भारत में 7 फीसदी अधिक बारिश हुई है। हालांकि उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 8 राज्यों में कम बारिश हुई, जिससे इस खरीफ मौसम में कृषि उत्पादन कम हो सकता है।

ये भी पढ़ें- हिजाब के खिलाफ ईरान में बवाल, तस्वीरों में समझिए कैसे महसा अमिनी की मौत के बाद सड़क पर उतरीं महिलाएं


झारखंड, दिल्ली, पंजाब, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर अन्य राज्य हैं, जहां कम बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून का मौसम 1 जून से शुरू होता है और 30 सितंबर तक जारी रहता है। भारत में 1 जून से 19 सितंबर के बीच 872.7 मिमी बारिश हुई, जो इस अवधि में होने वाली 817.2 मिमी की सामान्य बारिश से 7 प्रतिशत अधिक है।

दिल्ली, बिहार और झारखंड में बारिश होने की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान लगाया है। सोमवार को सुबह साढ़े 8 बजे से मंगलवार को सुबह साढ़े 8 बजे तक शहर में 6.5 मिमी बारिश हुई।

इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर से लेकर अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के पश्चिमी (पलामू प्रमंडल) तथा मध्य भाग (राजधानी और आसपास) में भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

बिहार में लगातार पिछले कुछ दिनों से मानसून सक्रिय है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार कुछ दिनों से बारिश भी हो रही है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

राजस्‍थान के कई इलाकों से मानसून की विदाई

राजस्‍थान के कई भागों से दक्षिण पश्चिम मानसून विदा हो गया है। हालांकि, राज्‍य के कुछ इलाकों में आने वाले दिनों में हल्की से भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि जोधपुर एवं बीकानेर संभागों के कुछ भागों से मानसून विदा हो गया है।

उसके मुताबिक हालांकि बंगाल की खाड़ी एवं ओडिशा तट पर एक और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके आगामी 48 घंटों में ओडिशा एवं उत्तरी छत्तीसगढ़ की तरफ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश की चेतावनी

विभाग का कहना है कि इसके प्रभाव से आगामी 4-5 दिन पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा एवं उदयपुर संभागों के कुछ भागों में मेघ-गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। उसके मुताबिक, 22-23 सितंबर को भरतपुर एवं कोटा संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, पूर्वी बीकानेर, नागौर एवं चूरू जिलों में भी 22-23-24 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्‍य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक 18 मिलीमीटर बारिश सवाई माधोपुर के बौंली में दर्ज की गई एवं राज्य की राजधानी जयपुर में 6.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।