Floods Alert: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Weather) और उत्तराखंड (Uttarakhand Weather) में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की आशंका है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने रविवार को कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है। IMD ने हिमाचल के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है जब खराब मौसम के कारण दोनों राज्यों में कई भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड समेत तीन अन्य राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने रविवार दोपहर ट्वीट किया, "ऑरेंजअलर्ट: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 जुलाई और 17 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश (115.6 से 204.4 मिमी) होने की संभावना है।" IMD शिमला ने कहा कि 17 जुलाई तक चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और कुल्लू जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है।
उत्तर भारत में भारी बारिश के कारण कई भूस्खलन हुए हैं, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं और कई लोग फंसे हुए हैं। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने के कारण पिछले कुछ दिनों में NDRF टीमों और अन्य आपदा प्रबंधन कर्मियों ने हजारों लोगों को बचाया है।
आईएमडी देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने एएनआई को बताया कि उत्तराखंड में 17 जुलाई को अधिक बारिश होने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, पौडी और हरिद्वार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बाकी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जुलाई को बारिश में थोड़ी कमी आएगी।
देश के पश्चिमी हिस्से में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान में कहा गया है कि 17 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा 17 जुलाई को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश होने की आशंका है। उत्तर-पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन के कारण कई सैकड़ों सड़कें बंद हो गईं और बड़ी संख्या में लोग फंस गए।