Weather update: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट यानी IMD ने 18 से 21 अक्टूबर के दौरान महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित देश के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने 18 से 21 अक्टूबर के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप राज्यों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
IMD ने अगले तीन दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी की भी भविष्यवाणी की है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी कि अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़, आंतरिक महाराष्ट्र, झारखंड, आंतरिक ओडिशा के कुछ हिस्सों और पूरे पश्चिम बंगाल से वापस आ जाएगा।
IMD ने कहा कि हम कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद ही चक्रवात के बारे में अधिक जानकारी दे सकते हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बाद ओडिशा सरकार ने 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। साथ ही राज्य ने अपने तटीय जिलों को भी अलर्ट जारी किया है।
पुणे में भारी बारिश, कईं इलाकों में जलभराव
महाराष्ट्र के पुणे शहर में सोमवार रातभर से मंगलवार सुबह तक हुई भारी बारिश के कारण कईं इलाकों में जलभराव हो गया। अधिकारियों ने बताया कि निचले इलाकों और करहा नदी के किनारे रहने वाले कुछ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि शिरूर तहसील के कन्हूर मेसाई इलाके में 7 बकरियां बाढ़ के पानी में बह गईं।
IMD के अनुसार, शिवाजीनगर में मंगलवार तड़के तीन बजे तक 5 घंटे के दौरान 104 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इसी अवधि के दौरान मगरपट्टा में 116 मिलीमीटर और पाषाण में 94 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
हडपसर, मार्केट यार्ड, सिंहगढ़ रोड, एनआईबीएम रोड, बीटी कावड़े रोड, कटराज, डेक्कन, कर्वे नगर, कोथरुड, कोंढवा और पेठ समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार पेठ क्षेत्र और कोंढवा इलाकों में बाढ़ के पानी में फंसे 12 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
जिल के अधिकारियों ने बताया कि बारामती तहसील के जलगांव कठे पत्थर गांव में करहा नदी के पास रहने वाले 20 परिवारों को भी शिफ्ट किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि पुणे में दिन के समय आसमान में बादल छाए रहने और शाम को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बुधवार से बारिश की गतिविधि कम हो जाएगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को भी न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार दिन में आमतौर पर आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है।