दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि राष्ट्रीय राजधानी को अगले दो महीने में 100 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन (Electric Vehicle Charging Stations with Battery Swapping Points) मिलेंगे। सीएम केजरीवाल ने मंगलवार को ऐसे 11 चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन चार्जिंग स्टेशनों पर बैटरी बदलने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
केजरीवाल ने कहा कि इससे पहले बैटरी बदलने के प्वाइंट और चार्जिंग स्टेशन अलग-अलग होते थे। लेकिन अब ये सुविधा एक ही जगह उपलब्ध होगी। इन 11 स्टेशनों पर चार्जिंग के 73 प्वाइंट हैं। अगले दो महीने में दिल्ली को ऐसे 100 चार्जिंग स्टेशन मिलेंगे।
आपके जानकारी के लिए बता दें कि महत्वाकांक्षी दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी को अगस्त 2020 में लाया गया था। इसका लक्ष्य 2024 तक कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करना है।
दिल्ली संवाद एवं विकास आयोग के उपाध्यक्ष जैसमीन शाह को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा कि कैबिनेट ने उनकी नियुक्ति की है और सिर्फ कैबिनेट ही उनसे सवाल पूछ सकता है।
सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि दिल्ली सरकार के योजना विभाग ने शाह को आम आदमी पार्टी (AAP) के आधिकारिक प्रवक्ता के तौर पर काम करते हुए ‘सरकारी पद का दुरुपयोग’ करने के आरोप में सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता एवं पश्चिमी दिल्ली के सांसद परवेश वर्मा की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि, AAP ने इस नोटिस को गुजरात में पार्टी के बढ़ते ग्राफ के चलते दिल्ली सरकार पर इसे एक और हमला करार दिया है।