दिल्ली में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना! भारी बारिश से पानी-पानी हुई मुंबई, यूपी-बिहार में भी बरसेंगे बादल

Weather Update: देश के तमाम इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम हो कर 27.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के बारण दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलजमाव हुआ

अपडेटेड Jun 29, 2023 पर 11:19 AM
Weather Update: दिल्ली के अलावा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है

Weather Update: देश के तमाम इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम हो कर 27.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के बारण दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलजमाव हुआ। मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। IMD ने दिन में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। सुबह-सुबह बारिश हो जाने की वजह से दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के अलावा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है। मुंबई में हालात ये हैं कि बारिश का सारा पानी एक पुलिस स्टेशन के अंदर घुस गया और अब खड़े होकर पुलिस वाले काम करने के लिए मजबूर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई में अगले तीन तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई में छह घंटे में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई है। IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए महाराष्ट्र के छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मुंबई में गुरुवार को अपेक्षाकृत कम बारिश होगी। मुंबई में बुधवार को भारी बारिश हुई जिसके कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और नासिक जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है जो विभिन्न स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का संकेतक है। बता दें कि ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिले मुंबई से लगे हैं। IMD ने मुंबई के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए कहा कि नगर के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

मुंबई में भारी बारिश के बीच 1 व्यक्ति की मौत

मुंबई में बुधवार को भारी बारिश हुई और उपनगर मलाड में एक पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक, मुंबई में बीते 24 घंटे में पेड़ गिरने की 26, शॉर्ट सर्किट की 15 और मकान ढहने या मकान का हिस्सा ढहने की पांच घटनाएं हुई हैं। IMD ने अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है और अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे मार्गों पर उपनगरीय ट्रेन का सामान्य रूप से परिचालन हो रहा है। हालांकि परिचालन में कुछ मिनट की देरी हुई है। BMC के एक अधिकारी ने बताया कि कौशल दोशी नामक 38 वर्षीय शख्स पश्चिमी उपनगर मलाड के मामलेदरवाड़ी जंक्शन पर एक पेड़ गिरने से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसे नगर निगम संचालित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- टीएस सिंहदेव होंगे छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम, क्या सचिन पायलट को भी सौंपी जाएगी नई जिम्मेदारी?

यूपी-बिहार में भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मराठवाड़ा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और राजस्थान के शेष हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली-NCR, रायलसीमा, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की बारिश की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।