IMD Rainfall Alert: पिछले काफी दिनों से चिलचिलाती गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने गुड न्यूज देते हुए रविवार को कहा कि अगले एक हफ्ते तक भीषण गर्मी से प्रभावित देश के तमाम राज्यों में बारिश हो सकती है, जिससे हीटवेव छूमंतर हो जाएगी। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश होने की वजह से गर्मी से राहत मिलने के आसार दिखाई दे रहे हैं। आपको बता दें कि भारत उन देशों में से एक है जो गर्मी से सबसे ज़्यादा प्रभावित और संवेदनशील है।
IMD ने रविवार को जारी फोरकास्ट में कहा कि अगले 4-5 दिनों तक पूर्व-मध्य, उत्तर-पूर्व भारत और देश के दक्षिणी हिस्सों में मूसलाधार बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहा कि इससे अगले 5 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का प्रकोप कम होगा। IMD ने कहा कि अगले तीन दिनों में पश्चिम और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले दो दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले तीन दिनों के दौरान 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की आशंका है। इसके अलावा भारत के अन्य हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। हालांकि, 23 अप्रैल को केरल में गर्म और असहज मौसम की आशंका है।
IMD ने अगले 4-5 दिनों के लिए पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भविष्यवाणी की है, जिसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। इसके अलावा 23 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर, 23-24 अप्रैल के दौरान ओडिशा में और 24 अप्रैल को बिहार में ओलावृष्टि होने की आशंका है। वहीं, 23 अप्रैल को ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत अगले दो दिनों के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ काफी व्यापक बारिश का गवाह बनेगा और उसके बाद इसमें धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। 23 अप्रैल को असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है।
अगले पांच दिनों तक पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज/बिजली/तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है, इसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आएगी। 23-24 अप्रैल के दौरान छत्तीसगढ़ और 24-25 अप्रैल के दौरान विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है।
अगले 4 दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गरज/बिजली/तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, पुडुचेरी में 23 अप्रैल को और केरल में 23-24 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 24 अप्रैल को तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है।
अगले 5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज/बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। जबकि गुजरात में 26 और 27 अप्रैल को बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा मराठवाड़ा में 26-27 अप्रैल के दौरान अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है।
पश्चिमी राजस्थान को छोड़कर, अगले 24 घंटों में इस क्षेत्र में गरज/बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश की आशंका है।