Weather Updates: देश के कई राज्यों में आज झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आज से पूर्वी और पूर्वी मध्य भारत के हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में इजाफा हो सकता है। केरल, अंडमान और निकोबार के कुछ इलाकों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही देश के अन्य इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया गया है। शुक्रवार को लखनऊ में सितंबर के महीने का अभी तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था। जबकि, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था।
