Weather Updates: अप्रैल का महीना शुरू हो गया है। इस महीने आमतौर पर गर्मी पड़ती है। लेकिन इस साल कई इलाकों में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। कहीं गर्मी तो कहीं बर्फबारी का सिलसिला जारी है। कुल मिलाकर कहीं धूप तो कहीं बारिश की आंख मिचौली का खेल चल रहा है। कुछ जगह तो गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में दिन में बादल छाए रहे। इसके साथ ही अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
वहीं आज महाराष्ट्र के कई इलाकों में गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे, अहमदनगर, औरंगाबाद, जालना, बीड, सांगली, सोलापुर और रत्नागिरी में तेज हवाएं चल सकती है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही केरल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं गुजरात और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। वहीं राजधानी दिल्ली में आज कई जगहों पर बारिश हो सकती है। हालांकि दिन में मौसम गर्म रहेगा।
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board – CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 114 यानी मध्यम श्रेणी में रहा। बता दें कि AQI को शून्य और 50 के बीच अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बेहद खराब तथा 401 और 500 के बीच AQI को गंभीर माना जाता है।
उत्तर पश्चिमी मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते से उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी की शुरुआत हो सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने के आसार बेहद कम है।
मौसम के जानकारों के मुताबिक, शनिवार से राज्य में मौसम बिल्कुल साफ रह सकता है। लिहाजा तेज धूप निकलेगी। शनिवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि पिछले दिनों बेमौसम बारिश, ओला गिरने से कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।