Weather Updates: दिल्लीवासियों को आज भीषण शीतलहर से मिली राहत, लेकिन बारिश से ठंड बढ़ने के आसार, जानें मौसम का हाल

Weather Updates: IMD के मुताबिक, दिल्ली में आज यानी गुरुवार रात हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव में 23-24 जनवरी को दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने और ओले गिरने का पूर्वानुमान है

अपडेटेड Jan 19, 2023 पर 12:36 PM
Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी आज रात हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की आशंका है

Weather Updates: दिल्ली में आज गुरुवार भीषण शीतलहर (Cold Wave) का प्रकोप थम गया। राजधानी के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। हालांकि, इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी आज रात हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की आशंका है। दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बता दें कि दिल्ली में इस महीने दूसरी बार शीतलहर का दौर देखा गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। IMD की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में जनवरी में अब तक आठ दिन शीत लहर का प्रकोप देखा गया है, जो बीते 12 वर्षों में जनवरी के महीने में सबसे अधिक है।

दिल्ली में जनवरी 2020 में सात दिन शीतलहर चली थी, पिछले साल एक भी ऐसा दिन दर्ज नहीं किया गया। IMD के अनुसार, दिल्ली में 5 से 9 जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही। अभी तक इस महीने 50 घंटे तक घना कोहरा दर्ज किया गया जो 2019 के बाद से सबसे अधिक है।


IMD ने की थी राहत की भविष्यवाणी

मौसम विभाग ने सोमवार को बताया था कि दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के चलते गुरुवार अथवा शुक्रवार से शीतलहर का प्रकोप थम जाएगा। पश्चिम एशिया से गर्म नम हवाओं वाली एक मौसम सिस्टम को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कहा जाता है। जब एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस क्षेत्र में आता है, तो हवा की दिशा बदल जाती है। पहाड़ों से आने वाली सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी बंद हो जाती हैं जिससे तापमान बढ़ता है।

आज रात बारिश की आशंका

IMD के मुताबिक, दिल्ली में आज यानी गुरुवार रात हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव में 23-24 जनवरी को दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने और ओले गिरने का पूर्वानुमान है। बता दें कि दिल्ली में सर्दी के मौसम में अभी तक बारिश नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें- PM मोदी का मुंबई दौरा आज! एयरपोर्ट सहित इन इलाकों में मिलेगी भारी ट्रैफिक जाम, BKC ग्राउंड के पास बैन रहेंगी उड़ान

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ऐसा नवंबर और दिसंबर में मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की कमी के कारण हुआ। पिछले साल जनवरी में शहर में 82.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो 1901 के बाद से इस महीने में सबसे अधिक थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।