PM मोदी का मुंबई दौरा आज! एयरपोर्ट सहित इन इलाकों में मिलेगी भारी ट्रैफिक जाम, BKC ग्राउंड के पास बैन रहेंगी उड़ान

PM Modi Mumbai Visit: पीएम मोदी के दौरे की वजह से आज 19 जनवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर भारी ट्रैफिक जाम मिलने की आशंका है। कई एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानें छूटने से बचने के लिए एयरपोर्ट जल्दी पहुंचें

अपडेटेड Jan 19, 2023 पर 1:23 PM
PM Modi Mumbai Visit: पीएम मोदी आज मुंबई में 38,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे

PM Modi Mumbai Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के आज यानी गुरुवार को होने जा रहे मुंबई दौरे को लेकर सुरक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री मोदी केमुंबई दौरे के मद्देनजर बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और आस-पास के इलाकों के पुलिस थाना क्षेत्रों में उड़ान गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। प्रधानमंत्री को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के एमएमआरडीए (मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण) मैदान में आयोजित एक समारोह में भाग लेंगे। पीएम मोदी आज मुंबई में 38,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

पीएम मोदी के दौरे की वजह से आज 19 जनवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर भारी ट्रैफिक जाम मिलने की आशंका है। कई एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानें छूटने से बचने के लिए एयरपोर्ट जल्दी पहुंचें। Vistara एयरलाइंस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “#TravelUpdate: आज मुंबई एयरपोर्ट के रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम और धीमी गति से वाहन चलने की उम्मीद है। यात्रा करने वाले ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट तक अपनी यात्रा के लिए अधिक समय दें। शुक्रिया"।

Akasa एयरलाइंस ने यात्रियों से उड़ान से पहले एयरपोर्ट पर पहुंचने का अनुरोध करते हुए ट्विटर पर लिखा, “#TravelUpdate: मुंबई एयरपोर्ट के मार्ग में आज भारी ट्रैफ़िक जाम और धीमी गति से वाहनों की आवाजाही की उम्मीद है। यात्रा करने वाले ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट पर समय से पहुंचने के लिए अधिक समय दें। धन्यवाद।"


मुंबई पुलिस ने बुधवार को एक आदेश में कहा कि बीकेसी, अंधेरी, मेघवाड़ी और जोगेश्वरी पुलिस थाना क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर से आधी रात तक ड्रोन, पैराग्लाइडर और रिमोट से नियंत्रित अति हल्के यान के उपयोग सहित उड़ान गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आदेश में कहा गया है कि आतंकवादी या असामाजिक तत्व ड्रोन, पैराग्लाइडर, रिमोट से संचालित हल्के यानों आदि का उपयोग करके हमला कर सकते हैं। इसलिए इस तरह की उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसमें कहा गया है कि शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की पूरी आशंका है। इससे मानव जीवन, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सार्वजनिक संपत्ति को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में VIP के शामिल होने की उम्मीद है जिसे देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें- Mumbai Metro: मुंबई वालों के लिए खुशखबरी! अब इस रूट पर भी दौड़ेगी मेट्रो, पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन

कुछ सड़कों को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले कुछ सड़कों पर यातायात के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। इस बीच, पीएम मोदी के दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं भारतीय जनता पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं ने विशेष पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त आयुक्त (कानून व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी और अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बुधवार दोपहर एमएमआरडीए मैदान का दौरा किया।

प्रधानमंत्री मोदी आज मुंबई का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बुनियादी ढांचे के विकास, शहरी यात्रा को सुगम बनाने और स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से 38,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।