पूरे देश में मानसून की बारिश देखने को मिल रही है। दिल्ली में भी कई इलाकों में मंगलवार को पड़ी बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया है। वहीं बिहार के साथ ही यूपी के कई शहरों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग (India Meteorological Department – IMD) के अनुसार उत्तर प्रदेश में मंगलवार मानसून की धीमी रफ्तार रही लेकिन बुधवार को फिर से अपनी स्पीड पकड़ लेगा। इधर मौसम विभाग ने 13 जुलाई तक कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। मानसूनी सीजन की बरसात ने दिल्ली के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दिलाई है। IMD अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाओं की वजह से उमस से भी छुटकारा मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। पिछले कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फिर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बारिश के बाद से अचानक उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच आज उत्तर प्रदेश में मानसून जोर पकड़ सकता है। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। IMD ने आज के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज आदि तराई इलाकों समेत देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, गोंडा, बलरामपुर आदि में गरज चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही लखनऊ में भी अगले दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए पहाड़ों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले के कई भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय है और जुलाई महीने में इस बार अच्छी बारिश हुई है। वहीं उत्तराखंड के कई कई इलाकों में 10 जुलाई को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आज मुंबई में न्यूनतम तापमान 25.99 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 28.19 सेल्सियस रहने की उम्मीद है।