IMD Alert: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, इन राज्यों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी

IMD Alert: जम्मू-कश्मीर में हुई भीषण बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई। कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में दो से तीन फुट बर्फबारी दर्ज किया गया

अपडेटेड Jan 31, 2023 पर 1:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
खराब विजिबिलिटी और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ान निलंबित कर दिया गया

IMD Weather Forecast: जम्मू-कश्मीर में सोमवार को हुई भीषण बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में भी सोमवार को बर्फबारी हुई। कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में दो से तीन फुट बर्फबारी दर्ज किया गया, जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। केंद्र शासित प्रदेश के पांच जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है।

अधिकारियों ने कहा कि खराब विजिबिलिटी और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन निलंबित कर दिया गया। मुख्य सड़क के साथ कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। बारामूला-बनिहाल मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को भी निलंबित कर दिया गया।

जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKDMA) के अधिकारियों ने कहा कि अगले 24 घंटों में बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल, कुपवाड़ा और रामबन में 2500 मीटर से ऊपर के मध्यम खतरे के स्तर के हिमस्खलन होने की आशंका है।


हिमाचल प्रदेश में शिमला, किन्नौर, लाहौल, स्पीति, कुल्लू और चंबा जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज किया गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। साथ ही कई क्षेत्रों में पानी और बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई। बर्फबारी के कारण तीन नेशनल हाईवे सहित 496 सड़कों को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। जबकि राज्य में 908 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए।

रोहतांग दर्रा, छितकुल और अटल सुरंग के दक्षिण पोर्टल में 75 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बाद शिमला जिले में खदराला में 60 सेमी, सोलंग में 55 सेमी, कुफरी में 16 सेमी, केलांग और समदो में 14 सेमी और मनाली में 3 सेमी बर्फबारी हुई।

Srinagar: A man clears snow from his car during snowfall, in Srinagar, Monday, Jan. 30, 2023. (PTI Photo)(PTI01_30_2023_000021B)

इस बीच, मध्य और निचली पहाड़ी इलाकों में व्यापक बारिश हुई, जिसमें डलहौजी में सबसे अधिक बारिश हुई, जो 60 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद रामपुर में 24 मिमी, शिमला में 21 मिमी, चंबा में 19 मिमी, सियोबाग में 16 मिमी, धर्मशाला और धौला कुआं में 15 मिमी और मनाली में 14 मिमी बारिश हुई।

कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना मिली है। कुल्लू में 37, चंबा में 27, सिरमौर में 11, मंडी में आठ और कांगड़ा में दो सड़कें बाधित रहीं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में भी सोमवार को ताजा बर्फबारी और बारिश हुई।

ये भी पढ़ें- Florida Mass Shooting: अमेरिका के फ्लोरिडा में सामूहिक गोलीबारी में 10 लोग घायल, 2 लोगों की हालत गंभीर

गढ़वाल के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सभी बर्फ की मोटी परत से ढके हुए हैं, जबकि इसके निचले इलाकों, जिसमें धंसाव प्रभावित जोशीमठ भी शामिल है, बारिश से अटा पड़ा है। इस बीच, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के कई इलाकों में सोमवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई और बारिश आज भी जारी रहने की आशंका है।

अगले तीन दिनों तक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में जम्मू के मैदानी इलाकों में भारी बर्फबारी और गरज के साथ बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा IMD ने शुक्रवार तक हिमाचल प्रदेश की निचली पहाड़ियों में गरज, बिजली गिरने और बारिश वाले मौसम की भी भविष्यवाणी की है। IMD ने चेन्नई में तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, जहां मंगलवार से बारिश होने की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।