Credit Cards

Florida Mass Shooting: अमेरिका के फ्लोरिडा में सामूहिक गोलीबारी में 10 लोग घायल, 2 लोगों की हालत गंभीर

Florida Mass Shooting: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक हमलावर ने कई लोगों पर गोली चला दी जिसमें 10 लोग घायल हो गए हैं। इस फायरिंग में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फ्लोरिडा की सड़कों पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है

अपडेटेड Jan 31, 2023 पर 1:02 PM
Story continues below Advertisement
Florida Mass Shooting: अमेरिका में एक बार फिर से शूटआउट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है

Florida Mass Shooting: अमेरिका में सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अमेरिका में एक बार फिर से सामूहिक गोलीबारी (America Mass Shooting) का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका के फ्लोरिडा में एक सनकी हमलावर ने कई लोगों पर गोली चला दी जिसमें 10 लोग घायल हो गए हैं। इस फायरिंग में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फ्लोरिडा की सड़कों पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

CNN के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि फ्लोरिडा के लैकलैंड में सोमवार दोपहर एक ड्राइव-बाय शूटिंग में कम से कम 10 लोग घायल हो गए। इसमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस का मानना है कि यह एक टारगेटिंग घटना थी। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सोमवार दोपहर 3.43 बजे फ्लोरिडा के एवेन्यू नार्थ और प्लम स्ट्रीट के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी।

दोपहर में जब ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक एक Nissan कार धीमी हुई और उस पर सवार लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। कार के शीशे नीचे कर कुछ देर लगातार गोलियां दागकर कार सवार फरार हो गए। गोलीबारी में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों के चेहरे पर भी गोली लगी है।


पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले अपराधियों और कारों की तलाश की जा रही है। गोलीबारी में 10 लोगों के घायल होने की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि सभी घायल 20 से 35 साल आयु वर्ग के हैं। एक पुलिस अधिकारी ने तो यहां तक कहा कि अपनी तीन दशक से अधिक की नौकरी में उन्होंने पहली बार इस तरह की घटना का सामना किया है, जिसमें बीच सड़क पर इस तरह गोलीबारी कर एक साथ 10 लोगों को घायल कर दिया गया हो।

ये भी पढ़ें- कनाडा में हिंदुओं के प्रमुख गौर शंकर मंदिर में तोड़फोड़! दीवारों पर लिखे गए भारत विरोधी नारे, भारतीय समुदाय ने जताई नाराजगी

CNN के मुताबिक, पुलिस को घटनास्थल पर कुछ मात्रा में नशीले पदार्थ भी मिले हैं। इसलिए पुलिस नशीले पदार्थों के सेवन एवं बिक्री से जोड़ कर भी घटना की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने कार एवं उसमें सवार हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए CCTV फुटेज भी जारी किए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि हम आरोपियों का जल्द से जल्द पता लगा लेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।